लखीमपुर खीरी: गन्ना भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर, चालक की मौत
लखीमपुर खीरी/मैगलगंज, अमृत विचार: थाना मैगलगंज क्षेत्र में औरंगाबाद रोड पर धर्मकांटा के सामने गुरुवार की सुबह गन्ना भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में औरंगाबाद निवासी बाइक चालक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई घायल हो गया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
औरंगाबाद निवासी रामजी अवस्थी (25) पुत्र अतुल अवस्थी उर्फ़ छोटे अपने छोटे भाई श्याम जी को साथ लेकर किसी काम से मैगलगंज आ रहे थे। जैसे ही उसकी बाइक औरंगाबाद रोड स्थित धर्मकांटे के पास पहुंची तो रोड के किनारे खडे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों भाई अनियंत्रित होकर बाइक समेत सड़क पर गिर गए। सिर में गंभीर चोट आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले आनन फानन में कस्बा स्थित एक हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर उसे सीतापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर सीतापुर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पति की मौत की खबर सुनते ही बेसुध हुई पत्नी
हादसे में मारा गया औरंगाबाद निवासी रामजी अवस्थी काफी मृदुल स्वभाव का था। उसका किसी से कोई विवाद नहीं हुआ। वह फ्लिपकार्ट में माल डिलीवरी का काम कर अने पिता का हाथ बंटाता था। उसकी शादी मैगलगंज कोतवाली क्षेत्र के लिधियाई गांव से करीब एक साल पहले हुई थी। हादसे में मौत की खबर जब उसके घर पहुंची तो पत्नी बेसुध होकर गिर गई। आसपास की महिलाओं ने उसे संभाला। पत्नी के साथ ही उसके माता-पिता और भाईयों का रो-रोकर हाल बेहाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: जंगल के बाहर निकले गैंडे ने कई गांवों की फसलें रौंदीं
