Kanpur में कुत्ते ने महिला को काटा, स्कूटी से गिरी: शिकायत करने पर कुत्ते के मालिक ने पीड़िता को पीटा, जानिए पूरा मामला
कानपुर, अमृत विचार। हनुमंत विहार थानाक्षेत्र में स्कूटी सवार महिला के दोनों पैरों में एक पालतू कुत्ते ने दौड़ाकर काट लिया। इससे संतुलन बिगड़ने से वह स्कूटी से गिर गईं। इस पर घायल महिला ने शिकायत कुत्ते के मालिक से की तो आरोपी ने गालीगलौज और मारपीट कर दी। महिला की तहरीर पर पुलिस ने कुत्ता मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू की। रिपोर्ट दर्ज होते ही आरोपी अपना कुत्ता लेकर ताला डालने के बाद फरार हो गया।
अर्रा बिनगवां निवासी विकास चतुर्वेदी की पत्नी प्राची शुक्ला 21 जनवरी को बच्चों को स्कूल छोड़कर स्कूटी से लौट रहीं थी। प्राची ने पुलिस को बताया कि निमटेक कंप्यूटर के पास नारायणपुरी में जयपाल के घर के पास गाड़ियों के सामने आने पर स्कूटी रोक दी। वहां पर रहने वाले जयपाल सिंह के पालतू कुत्ते ने दोनों पैरों में काट लिया। इससे वह स्कूटी से गिरकर घायल हो गईं।
इस पर जयपाल से शिकायत की। आरोप लगाया कि जयपाल ने उनके साथ गालीगलौज और मारपीट की। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि पालतू कुत्ता इससे पहले भी दो से तीन लोगों को काट चुका है। इस संबंध में एडीसीपी साउथ महेश कुमार ने बताया कि प्राची की तहरीर पर कुत्ता मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस की टीम जब आरोपी के घर पहुंची तो वहां ताला पड़ा था।
