Kanpur: मुकदमा खत्म कराने के लिए फर्जी शपथ पत्र किए तैयार, अशिक्षित महिला के किए हस्ताक्षर, जांच में खुली पोल, आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज
कानपुर, अमृत विचार। बाबूपुरवा थानाक्षेत्र में एक ऐसी धोखाधड़ी की घटना सामने आई है, जहां आरोपियों ने अपना मुकदमा खत्म करना के लिए एक अशिक्षित महिला का शपथपत्र बनाकर उसमें हस्ताक्षर कर दिए। साथ ही कुछ और लोगों के शपथपत्र देकर अपने मामले में एफआर लगवा ली। पीड़िता ने जब शिकायत पुलिस कमिश्नर से की तो जांच में घटना की पोल खुल गई। इसके बाद तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
मुंशीपुरवा निवासी मुबीर मलिक के अनुसार 30 अक्टूबर 2023 को इकबाल जफर, नाजनीन अंसारी, अफजाल अंसारी के खिलाफ बाबूपुरवा थाने में मारपीट, आपराधिक बल प्रयोग व धमकाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना की विवेचना चल रही थी तभी आरोपियों ने विवेचक को ही गुमराह कर दिया। आरोपियों ने मोहम्मद आलीशान, सुल्ताना परवीन, मोहम्मद वसीम के नाम पर 16 नवंबर 2023 को फर्जी शपथ पत्र देकर कर मुकदमे में एफआर लगवा ली थी। मुबीर के अनुसार इसमें पुलिस की ओर से लापरवाही बरती गई।
विवेचना के दौरान उन्हें दिए गए दस्तावेजों को ठीक से जांचना था। लेकिन ऐसा कतई नहीं किया गया। आरोप है, कि आरोपियों की ओर से किए गए शपथपत्र में हस्ताक्षर नहीं देखे और न ही शपथपत्र देने वालों में से किसी का बयान किए। मुबीर के अनुसार शपथ पत्र देने वालों से जब संपर्क किया गया तो वह लोग पुलिस के सामने से आने से कतराने लगे। मुबीर ने रिपोर्ट में बताया कि जिन लोगों के शपथ पत्र दिए गए उसने सुल्ताना परवीन एक अशिक्षित महिला है।
बताया कि उसे हस्ताक्षर तक नहीं करना आता। जबकि उनके शपथपत्र में उनके हस्ताक्षर बने हुए थे। पीड़ित के अनुसार हर दस्तावेज पर अंगूठे का निशान लगाती है। उसके अनुसार शपथ पत्र देने वाले आलीशान समेत अन्य से आरोपियों ने कैमरे लगवाने के लिए अनुमति पत्र के लिए आधार कार्ड की कॉपी ले ली थी। इस संबंध में बाबूपुरवा थाना प्रभारी अजय द्विवेदी के अनुसार आरोपियों पर धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
