'विकास व विरासत प्रगति पथ पर उत्तर प्रदेश' होगी यूपी स्थापना दिवस की थीम, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ होंगे शामिल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस का आयोजन 24 से 26 जनवरी तक राजधानी लखनऊ के अवधशिल्प ग्राम में किया जाएगा। 'विकास व विरासत प्रगति पथ पर उत्तर प्रदेश' की थीम पर होने वाले इस आयोजन में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी शामिल होंगे।

प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने यहां संवाददाताओं को बताया, “उत्तर प्रदेश दिवस-2025 के आयोजन की थीम 'विकास व विरासत प्रगति पथ पर उत्तर प्रदेश' रखी गई है। सभी विभागों द्वारा इसी थीम पर प्रदर्शनी, संगोष्ठी, सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिता, रोड शो आयोजित किये जाएंगे।”

उन्होंने कहा कि 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस, 25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस-मतदाता जागरूकता दिवस और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का धूमधाम से आयोजन होगा। सिंह के मुताबिक, इसके साथ ही प्रयागराज महाकुम्भ के सेक्टर-सात, नोएडा शिल्पग्राम समेत 75 जनपदों में भी विविध आयोजन होंगे।

जयवीर सिंह ने बताया कि लखनऊ में होने वाले मुख्य महोत्सव में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्य महोत्सव में विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छह लोगों को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान मिलेगा। मंत्री के मुताबिक, उन्हें पुरस्कार स्वरूप 11 लाख रुपये, प्रशस्ति पत्र व अंगवस्त्र प्रदान किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि यह सम्मान वाराणसी के कृष्णकांत शुक्ल (भौतिक विज्ञान, संगीतकार, कवि), वृंदावन मथुरा के (उद्यमी-पर्यावरणविद) हिमांशु गुप्ता, कानपुर के मनीष वर्मा (कृषि-दलित उद्यमी), बुलंदशहर की कृष्णा यादव (महिला उद्यमी), बुलंदशहर के ही कर्नल सुभाष देशवाल (कृषि-उद्यम) व बहराइच के डॉक्टर जय सिंह (केला उत्पादन) को मिलेगा।

उन्होंने बताया, “विरासत व विकास पर अलग-अलग प्रदर्शनी लगाई जाएंगी। विरासत पर लगाई गई प्रदर्शनी में पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के शताब्दी वर्ष पर उनके जीवन प्रसंग आदि से दर्शक अवगत हो सकेंगे। इसके अलावा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती, सरदार वल्लभ भाई पटेल, ‘हमारा संविधान व हमारा स्वाभिमान’ आदि पर प्रदर्शनी लगाई जाएंगी।” सिंह ने बताया कि इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा सफल प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- Republic Day 2025: गणतंत्र दिवस पर महाकुंभ थीम पर आधारित होगी UP की झांकी, अमृत स्नान से लेकर समुद्र मंथन की दिखेगी झलक

संबंधित समाचार