पीलीभीत: प्यार का झांसा देकर बनाए शारीरिक संबंध, शादी का दबाव बनाया तो जहर देकर मारा
पीलीभीत, अमृत विचार। शादी का झांसा देकर एक युवक ने युवती से शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद मुकर गया। परेशान युवती युवक के घर पहुंची तो आरोप है कि ग्राम प्रधान और परिजन की मदद से युवती को जहरीला पदार्थ खिला दिया। युवती की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। न्यूरिया पुलिस ने युवती की मां की तहरीर पर ग्राम प्रधान समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
न्यूरिया थाने में दी गई तहरीर में क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि उसकी 22 वर्षीय पुत्री को कॉलेज जाते समय क्षेत्र के ग्राम मडरिया का कुलदीप रास्ते में रोककर प्रेम प्रसंग की बातें करके परेशान करता था। जिसके बारे में परिवार वालों को बताया था। इस पर परिवार के सदस्यों ने आरोपी को पुत्री से बात करने से मना किया था। मगर, आरोपी अपने परिजन व मौजूदा ग्राम प्रधान रमेश कुमार के कहने पर लगातार पुत्री को परेशान कर रहा था। शादी करने का झांसा देकर पुत्री को प्रेम जाल में फंसा लिया। इसके बाद कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पुत्री ने जीवित रहते परिजन को इसकी जानकारी दे दी थी। इसके बाद पुत्री से बात करना बंद कर दिया था। 21 जनवरी की दोपहर पुत्री आरोपी कुलदीप के घर गई थी। कुलदीप के परिजन और ग्राम प्रधान को सारी बात बताई। कुलदीप घर पर नहीं था।
इस पर आरोपी के परिजन ने पुलिस बुलाकर पुत्री को घर से निकालकर पिता के सुपुर्द करवा दिया था। पुत्री से शादी करने से साफ इन्कार कर दिया। जिससे वह परेशान रहने लगी। 23 जनवरी की सुबह पुत्री कुलदीप के घर पुन: शिकायत करने गई। आरोप है कि कुलदीप, उसके बड़े भाई शानू, माता-पिता और ग्राम प्रधान ने पुत्री को जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया। इसके बाद मौके से भाग गए। इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में पुत्री की मौत हो गई।
परिजन ने यह भी बताया कि आरोपी कुलदीप जिला चिकित्सालय में संविदाकर्मी हैं। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। एसओ न्यूरिया रूपा बिष्ट ने बताया कि युवती की मौत के मामले में परिजन से मिली तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच कराई जा रही है।
