मुरादाबाद: छेड़छाड़ से परेशान छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान
मुरादाबाद, अमृत विचार। आए दिन होने वाली छेड़छाड़ से तंग आकर छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के वक्त छात्रा घर में अकेली थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजन जिंदा होने की उम्मीद पर छात्रा को जिला अस्पताल लेकर गए। परिजन मोहल्ले में रहने वाले एक शोहदे पर छात्रा को तंग …
मुरादाबाद, अमृत विचार। आए दिन होने वाली छेड़छाड़ से तंग आकर छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के वक्त छात्रा घर में अकेली थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजन जिंदा होने की उम्मीद पर छात्रा को जिला अस्पताल लेकर गए। परिजन मोहल्ले में रहने वाले एक शोहदे पर छात्रा को तंग करने का आरोप लगा रहे थे। इस बीच शोहदा भी जिला अस्पताल पहुंचा तो छात्रा के परिजन भड़क गए।
शोहदे की पिटाई करने के साथ ही परिजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शोहदे को हिरासत में लेने के बाद शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। वहीं पूछताछ में शोहदे ने छात्रा के परिजनों पर ही उसका उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।
मामला सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चंद्रनगर का है। मोहल्ला निवासी नन्हे आटो चालक हैं, वह यहां पर किराए के मकान में रहता है, उसकी 15 साल की बेटी पायल कक्षा आठ की छात्रा थी। नन्हे के अनुसार गुरुवार की सुबह वह आटो चलाने चला गया, जबकि उसकी पत्नी सुनीता भी अपने काम पर चली गई। सुनीता एक फर्म में काम करती है। कुछ देर बाद मकान मालिक ने नन्हे को सूचना दी कि उसकी बेटी पायल ने फांसी लगा ली है। यह सुनकर उसके होश उड़ गए। आनन-फानन में परिजन भी मौके पर आ गए।
जिंदा होने की उम्मीद में वह लोग पायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताते हैं कि इस बीच मोहल्ला ईसाइयों का कब्रिस्तान निवासी एक किशोर भी मौके पर आ गया। उसे देखकर पायल के परिजन भड़क गए और हंगामा करने लगे। वह लोग किशोर पर छात्रा का उत्पीड़न करने का आरोप लगा रहे थे। परिजनों का कहना था कि काफी समय से किशोर छात्रा के साथ छेड़छाड़ कर रहा है। आए दिन होने वाली छींटाकशी से छात्रा काफी परेशान थी। इसकी शिकायत किशोर के परिजनों से भी की लेकिन उन्होंने कोई सुनवाई नहीं की। जिस कारण छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी।
लोगों के अनुसार खफा परिजनों ने किशोर की धुनाई भी कर दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोर को हिरासत में ले लिया। वहीं किशोर ने छात्रा के परिजनों पर ही गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि वह लोग आए दिन छात्रा के साथ मारपीट करते थे, जिस कारण उसने आत्महत्या कर ली। सिविल लाइंस पुलिस के अनुसार शव पीएम को भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
