बहराइच: मंत्री संजय निषाद ने की मुलायम सिंह की तारीफ, कहा- भाजपा में शकुनि की भूमिका निभा रहे हैं कुछ नेता
बहराइच। निषाद पार्टी प्रमुख और यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सपा-बसपा में महत्वपूर्ण पदों में रह चुके नेता अब भाजपा में शकुनि की भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के कार्यों की तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह ने हमेशा पिछड़े और वंचित वर्ग के लिए काम किया है।
महंत राजू दास द्वारा मुलायम सिंह पर की गई विवादास्पद टिप्पणी का विरोध करते हुए मंत्री निषाद ने कहा कि मुलायम के अखाड़े से निकले पहलवानों की संख्या यह दर्शाती है कि वह कैसे अनुशासित और प्रेरणादायक नेता रहे हैं। भाजपा में शामिल हुए अन्य दलों के नेताओं को विभीषण की उपमा देते हुए उन्होंने पार्टी को सलाह दी कि शकुनि जैसे सलाहकारों की बजाय कृष्ण जैसे सलाहकारों की बात सुनी जाए।
संजय निषाद ने निषाद समाज के अधिकारों का पुरजोर समर्थन जताते हुए कहा कि समाज ने एकजुट होकर भाजपा को वोट देकर विधायकों और सांसदों को जितवाया है, लेकिन आरक्षण का मुद्दा अभी भी हल नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे आगे भी भाजपा के साथ रहेंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें:-यूपी में अनोखा विवाह: पतियों की प्रताड़ना से तंग दो महिलाओं ने आपस में रचाईं शादी, कहा- हमे समाज की चिंता नहीं...
