Kannauj में केशव प्रसाद मौर्य बोले- 'नेहरू ने आरक्षण लागू न करने के लिये लिखी थी चिट्ठी', अखिलेश यादव पर भी दिया बयान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज, अमृत विचार। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आरक्षण लागू न करने के लिये प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने मुख्यमंत्रियों को चिट्ठी लिखी थी। उनकी चिट्ठी आज भी दस्तावेज के तौर पर मौजूद है। आज उन्हीं का परपोता अब संविधान की किताब लिये घूम रहा है। यह संविधान का सम्मान नहीं बल्कि अपमान है। 

सपा मुखिया अखिलेश यादव को उन्होंने पूरे परिवार व पार्टी के साथ महाकुंभ का न्योता दिया। कहा कि आखिर अखिलेश को कुंभ की सफलता से जलन क्यों हो रही है? महाकुंभ में यूपी का मंत्री परिषद डुबकी लगायेगा और आप सवाल उठाओगे या दुष्प्रचार करोगे तो ये बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। 

शहर के पीएसएम डिग्री कालेज के खेल मैदान में शुक्रवार को आयोजित संविधान गौरव अभियान में हिस्सा लेने आये उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर बाबा साहब भीमराव आंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया। सवाल उछाला कि कांग्रेस बताये कि बाबा साहब को भारत रत्न कांग्रेस सरकार में क्यों नहीं मिला? जब भाजपा के सहयोग से वीपी सिंह की सरकार बनी तब उनको भारत रत्न मिला। 

यही नहीं उनसे जुड़े पांच स्थानों को तीर्थ के रूप में विकसित करने का काम भाजपा ने किया है। बीजेपी बाबा साहब के संविधान और बाबा साहब की पुजारी है। इसीलिये महाराष्ट्र व हरियाणा में भाजपा की सरकार बन रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश को गुमराह करने का काम किया है और यूपी में पीडीए के नाम पर अखिलेश लोगों को गुमराह कर रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि 144 साल बाद महाकुंभ पड़ा है। यहां 40 से 50 करोड़ लोग आ रहे हैं। महाकुंभ को लेकर राहुल गांधी व अखिलेश यादव सवाल उठा रहे हैं। निशाना साधा कि जब 2013 में महाकुंभ हुआ था तब अखिलेश की सत्ता थी। तब उन्होंने महाकुंभ की बागडोर अपने चच्चा आजम खां के हाथों में दे रखी थी। 

उस समय कितनी अव्यवस्था थी इसका वर्णन नहीं कर सकता। इस बार महाकुंभ में कैसी व्यवस्था कर रहे हैं, यह दुनिया देख रही है। करीब आधे घंटे के भाषण में वे लगातार सपा व कांग्रेस पर हमलावर रहे तो वहीं मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

यह भी पढ़ें- Kanpur: सीने पर बैठी पत्नी, प्रेमी ने पकड़े हाथ और दोस्त ने दबा दिया गला, फिर ये बताकर पुलिस को किया गुमराह...

 

संबंधित समाचार