Kanpur में गो संरक्षण में लापरवाही पर अफसरों पर कार्रवाई: डीएम ने चार ब्लॉकों के बीडीओ व एडीओ का वेतन रोका, कारण बताओ नोटिस भी जारी
कानपुर, अमृत विचार। जिलाधिकारी ने शुक्रवार को गो संरक्षण में लापरवाही करने पर डीडीओ समेत कई अधिकारियों पर कार्रवाई की है। चार ब्लॉक के बीडीओ व एडीओ का वेतन रोकने को निर्देशित किया है। बैठक में अनुपस्थित रहने पर बिल्हौर पालिका के अधिशासी अधिकारी का भी वेतन रोका।
सरसैयाघाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बेसहारा गोवंश संरक्षण संबंधि जिला स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक हुई। नानामऊ, बिल्हौर गो संरक्षण केंद्र के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री व धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। सीडीओ दीक्षा जैन को कार्यदायी संस्था (यूपीसीएलडीएफ) को ब्लैक लिस्टेड करने को निर्देशित किया।
गो आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंश के भरण-पोषण के लिए बिल्हौर, पतारा, चौबेपुर व सरसौल में फंड रिक्वेस्ट न भेजने पर कार्रवाई की। इस पर इन चारों ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारी और सभी एडीओ पंचायत का वेतन रोकने को कहा। ब्लॉक कार्यालय कल्याणपुर, चौबेपुर, ककवन व भीतरगांव में कैटिल कैचर नहीं खरीदे जाने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए डीडीओ व इन विकास खंडों के बीडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा।
अगली बैठक तक कमी सुधार नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। गोवंश आश्रय स्थलों में कमी मिलने पर बीडीओ का जिम्मेदारी तय की। कहा कि ऐसी गौशालाएं जिनमें चारागाह की भूमि उपलब्ध है, वहां की गोचर भूमि में नेपेयर घास लगाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण कर व्यवस्था देखने को भी कहा।
