साध्वी ऋतंभरा को पद्म भूषण व हृदय नारायण दीक्षित और डॉ. सोनिया नित्यानंद समेत UP के 8 लोगों को पद्मश्री सम्मान, सीएम योगी ने दी बधाई

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। गणतंत्र दिवस से पहले भारत सरकार ने शनिवार को पद्म पुरस्कारों का ऐलान कर दिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 139 पद्म पुरस्कारों को मंजूरी दी है। पद्म पुरस्कार 2025 की इस सूची में 7 पद्म विभूषण, 19 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। पुरस्कार पाने वालों में 23 महिलाएं हैं, जिसमें 10 विदेशी भी हैं। 13 लोगों को मरणोपरांत यह सम्मान दिया जाएगा। पद्म पुरस्कार पाने वालों में उत्तर प्रदेश से सबंध रखने वाले 10 लोग शामिल हैं।

यूपी से इन्हें मिला पद्म पुरस्कार

वरिष्ठ पत्रकार राम बहादुर राय को साहित्य, शिक्षा और पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है। साध्वी ऋतंभरा को भी समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है। पद्मश्री पाने वालों में उत्तर प्रदेश के 8 लोग शामिल हैं। इनमें आशुतोष शर्मा को विज्ञान और इंजिनियरिंग के क्षेत्र में, गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में, हृदय नारायण दीक्षित को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पद्मश्री दिया गया है।

श्री नारायण उर्फ भुलई भाई को लोकसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए मरणोपरांत पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। इसके अलावा सत्यपाल सिंह को खेल के क्षेत्र में, श्याम बिहारी अग्रवाल को कला के क्षेत्र में, सोनिया नित्यानंद को औषधि के क्षेत्र में, सैयद ऐनुल हसन को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया है।

सीएम योगी ने दी बधाई, कहा- उत्तर प्रदेश को आप सभी पर गर्व है

यूपी की हस्तियों को पद्म पुरस्कार (2025) का सम्मान मिलने पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी बधाई दी है। सीएम योगी ने कहा कि बहुप्रतिष्ठित पद्म पुरस्कार-2025 के अंतर्गत 'पद्म भूषण' सम्मान हेतु घोषित हुईं उत्तर प्रदेश की विभूतियों श्री राम बहादुर राय जी एवं साध्वी ऋतम्भरा जी तथा 'पद्म श्री' सम्मान हेतु घोषित विभूतियों श्री आशुतोष शर्मा जी, श्री गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ जी, श्री हृदय नारायण दीक्षित जी, श्री सत्यपाल सिंह जी, श्री श्याम बिहारी अग्रवाल जी, श्रीमती सोनिया नित्यानंद जी, श्री सैय्यद ऐनुल हसन जी को तथा श्री नारायण जी 'भुलई भाई' (मरणोपरांत) के परिजनों को हार्दिक बधाई! आप सभी गणमान्य विभूतियों ने विभिन्न क्षेत्रों में अपने विशिष्ट और असाधारण योगदानों से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पटल पर उत्तर प्रदेश को गौरवभूषित किया है। आप सभी के उत्कृष्ट कार्यों और अटूट ध्येयनिष्ठा ने अनगिनत व्यक्तियों के जीवन को सकारात्मक रूप से प्रभावित किया है। उत्तर प्रदेश को आप सभी पर गर्व है।

यह भी पढ़ें:-Padma award: प्रधानमंत्री मोदी ने पद्म पुरस्कार पाने वालों को दी बधाई, कहा- भारत को उनकी उपलब्धियों पर गर्व

संबंधित समाचार