लखीमपुर खीरी: सीतापुर सांसद के समर्थन में उतरा तेली समाज, डीएम को सौंपा ज्ञापन
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: यौन शोषण मामले में फंसे कांग्रेस के सीतापुर सांसद राकेश राठौर के समर्थन में तैलिक महासंघ व तेली समाज उतर आया है। सोमवार को समाज के बड़ी संख्या में लोग विलोबी मैदान में इकठ्ठा हुए और नारेबाजी करते हुए डीएम कार्यालय पहुंचे। जहां प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि तैलिक महासंघ के संस्थापक कांग्रेस के सीतापुर सांसद राकेश राठौर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में शासन प्रशासन की सह पर सीतापुर में रिपोर्ट दर्ज हुई है। इससे पूरे तेली समाज व पिछड़ा समाज, दलित समाज दुखी और सहमा हुआ है। सांसद भू-माफियाओं व पुलिस महकमे में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। उनकी यह लडाई सीतापुर के कुछ बहुत आपराधिक और दबंग किस्म के लोगों से थी।
कुछ दिन पूर्व सांसद ने प्रेस वार्ता कर पुलिस महकमे में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई थी। उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया है, जो असंवैधानिक है, जिस पर विचार करने की आवश्यकता है। सांसद के परिवार और इष्ट मित्रों को पुलिस अनावश्यक तरीके से परेशान कर रही है। जिससे सांसद की छवि धूमिल हो रही है, जबकि अभियोग माननीय उच्च न्यायालय लखनऊ में विचाराधीन है। ज्ञापन में पुलिस के रवैए पर अंकुश लगाने की मांग की गई है।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: प्रेमी ने गमछे से गला घोंटकर की महिला की हत्या, गिरफ्तार
