Bareilly: शहर बाजार में गिरावट नए खिलाड़ियों को पड़ी महंगी, डूबी जमापूंजी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अंकित चौहान, बरेली। शेयर मार्केट में पिछले दिनों आई भारी गिरावट नए खिलाड़ियों को काफी महंगी पड़ी है। जिला अस्पताल के मनकक्ष में काउंसलिंग कराने के लिए ऐसे युवाओं की कतार लगी हुई है जो अपनी जमापूंजी के लाखों डूबने के बाद पैनिक अटैक, एंग्जाइटी और अवसाद जैसी स्थिति से जूझ रहे हैं।

मन कक्ष का रिकॉर्ड बता रहा है कि शेयर मार्केट में चोट खाने वाला कोई न कोई युवा हर रोज यहां काउंसिलिंग कराने पहुंच रहा है। इनमें ज्यादातर 20 से 35 साल की आयु के ऐसे युवा हैं जो कोई प्राइवेट जॉब कर रहे हैं या व्यापार से जुड़े हुए हैं। शेयर मार्केट को उन्हें बैठे-बिठाए अतिरिक्त कमाई करने का जरिया माना था लेकिन पिछले दिनों लगातार शेयर बाजार के गोता खाने के बाद उनका यह सपना तो चूर हो ही गया, अब तक अर्जित की गई जमापूंजी भी चली गई।

मनकक्ष में काउंसिलिंग के दौरान पता चला कि कई युवाओं ने अपने परिवार की सलाह के बगैर शेयर मार्केट में निवेश किया था और अब उनके सामने सबसे बड़ी मुश्किल यही है कि परिवार के साथ यह जानकारी कैसे साझा करें। मन कक्ष प्रभारी के मुताबिक कुछ युवा अपने परिजनों के साथ काउंसलिंग कराने पहुंचे थे। काफी पूछने के बाद भी कई ने यह नहीं बताया कि उन्हें कितना नुकसान हुआ है, कुछ ने बमुश्किल यह जानकारी साझा की। बता दें कि पिछले कुछ महीनों में शेयर बाजार ने कई बार भारी गिरावट से तगड़ा झटका खाया है। इसमें अब तक भारतीय निवेशकों की 60 लाख करोड़ से ज्यादा की रकम डूबने का अनुमान जताया जा रहा है।

रिश्तेदारों और दोस्तों ने दिखाई थी निवेश की राह
काउंसलिंग के दौरान पता चला कि ज्यादातर युवाओं ने अपने उन रिश्तेदारों और दोस्तों की सलाह पर शेयर मार्केट में निवेश किया था जिन्होंने खुद भी काफी पैसा मार्केट में लगा रखा था। उन लोगों को भी लाखों का नुकसान हुआ है इसलिए अब वे न कोई सांत्वना देने की स्थिति में हैं, न ही कोई और रास्ता बताने की स्थिति में। वे खुद मानसिक रूप से काफी विचलित हैं। मन कक्ष प्रभारी के मुताबिक शेयर बाजार में हुए नुकसान से कई युवाओं पर गहरा असर पड़ा है। उनका इलाज शुरू किया गया है। उनका मनोबल वापस लौटने में समय लगेगा।

केस- 1
परिवार के लोगों के साथ आए डीडीपुरम निवासी 30 वर्षीय युवक ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में जॉब करता है। उसने नवंबर में एफ एंड ओ में करीब आठ लाख रुपये लगाए थे। शेयर मार्केट में लगातार गिरावट के बाद उसकी सारी रकम डूब गई। कई दिनों से उसे नींद नहीं आ रही है। दिन में भी बेचैनी से परेशान है।

केस- 2
सिविल लाइंस निवासी 28 वर्षीय कपड़ा व्यवसायी ने अपने एक दोस्त की सलाह पर शेयर बाजार में करीब 15 लाख रुपये का निवेश किया था जिसमें करीब 12 लाख रुपये डूब गए। अब उसका किसी से बात करने का मन नहीं कर रहा है। घर वालों पर भी बेवजह गुस्सा आ रहा है। इससे उसका व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है।

पिछले 10 दिन में हमारी ओपीडी में 12 से ज्यादा ऐसे युवा आए हैं जो पैनिक अटैक, एंग्जाइटी और अवसाद से ग्रसित थे। काउंसिलिंग के दौरान पता लगा कि इन सभी ने शेयर बाजार में भारी रकम लगाई थी जिसके डूबने से उनकी मनोदशा पर गंभीर प्रभाव पड़ा है- डॉ. आशीष, प्रभारी मन कक्ष।

यह भी पढ़ें- बरेली: वायरल वीडियो-गणतंत्र दिवस को दिया मजहबी रंग, बुर्के में छात्राओं ने गा दिया ये गीत

संबंधित समाचार