बरेली: चौकी इंचार्ज ने ये क्या किया, भजन गायिका ने रोकर सुनाया दर्द

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली/गुलड़िया,अमृत विचार। अलीगंज के गैनी में धार्मिक कार्यक्रम के दौरान भजन गायिका के साथ चौकी इंचार्ज ने अभद्रता की। चौकी इंचार्ज कार्यक्रम के दौरान मंच पर चढ़ गया और अपने पसंदीदा गानों की फरमाइश करने लगा। गायिका का आरोप है कि चौकी इंचार्ज शराब के नशे में था और गाली-गलौच भी की। कार्यक्रम खत्म होने …

बरेली/गुलड़िया,अमृत विचार। अलीगंज के गैनी में धार्मिक कार्यक्रम के दौरान भजन गायिका के साथ चौकी इंचार्ज ने अभद्रता की। चौकी इंचार्ज कार्यक्रम के दौरान मंच पर चढ़ गया और अपने पसंदीदा गानों की फरमाइश करने लगा। गायिका का आरोप है कि चौकी इंचार्ज शराब के नशे में था और गाली-गलौच भी की। कार्यक्रम खत्म होने के दो घंटे बाद तक दरोगा ने दबाव बनाकर गाने गवाए और न गाने पर जेल भेजने की धमकी दी। किसी तरह से गांव वालों ने गायिका को वहां से निकाला।

गायिका के साथ अभद्रता का दर्द सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। गायिका ने अपने साथियों के साथ गुरुवार को एसएसपी दफ्तर में एसपी देहात से मामले की शिकायत की। एसपी देहात ने मामले की जांच सीओ को सौंप दी है। सीओ की रिपोर्ट आने पर चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई की जाएगी।

भजन गायिका खुशबू शांडिल्‍य बरेली के सनसिटी विस्तार में रहती हैं। उन्‍होंने फेसबुक पर लाइव होकर रोते हुए बताया कि बुधवार की रात वह गैनी के पास सूदनपुर गांव में आयोजित भजन संध्‍या में शिरकत करने गईं थीं। रात में जब वह भजन गा रही थीं तो गैनी चौकी इंचार्ज नशे में वहां आ पहुंचे और कार्यक्रम में मौजूद लोगों को पीटने लगा। इसके बाद उन्‍होंने मंच पर पर्ची भिजवाकर अपने पसंदीदा भजन गाने को कहा।

खुशबू ने बताया कि चौकी इंचार्ज के कहने पर उनकी फरमाइश का गाना भी गाया मगर वह संतुष्‍ट नहीं हुआ और मंच पर चढ़ आए। आरोप है कि मंच पर आते ही दरोगा ने कथित रूप से खुशबू को गालियां देना शुरू कर दिया। खुशबू इसके बाद वहां से किसी तरह निकलकर अपनी कार में आकर बैठ गईं तो दरोगा वहां भी आ गया और लगातार गाली-गलौच करता रहा। जाते समय कह गया कि यहां से निकलकर बाहर आ, तब देखूंगा। दहशत में खुशबू गांव में ही रुकी रहीं। बाद में गांव वालों ने एक कार में खुशबू और उनके साथ के लोगों को रम्‍पुरा गांव तक पहुंचाया।

दरोगा के नाम को लेकर कंफ्यूजन
खुशबू ने दरोगा की वजह से आगे के कार्यक्रम रद होने के कारण भारी नुकसान होने की बात भी कही है। उन्‍होंने शिकायत में आरोपी चौकी इंचार्ज का नाम विक्रम बताया है मगर गैनी चौकी पर सब इंस्‍पेक्‍टर मुकेश त्‍यागी तैनात हैं। इससे पहले वह थाना इज्‍जतनगर की बैरियर-2 चौकी पर तैनात रहे थे जहां लोगों से बदसलूकी के आरोप उन पर लगातार लगे थे। खुशबू के पति मनोज शर्मा ने बताया कि रात में चौकी इंचार्ज के नाम की सही जानकारी नहीं मिल सकी। दरअसल, बदसलूकी करने वाले चौकी इंचार्ज का नाम मुकेश त्‍यागी है। अफसर फिलहाल मामले की जांच पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं।

“एक गायिका है जो भजन संध्या का कार्यक्रम करती है। उन्होंने बताया है कि कस्बा अलीगंज के गैनी में उनका कार्यक्रम हो रहा था। कार्यक्रम के दौरान गैनी चौकी इंचार्ज मंच पर चढ़ गए और अभद्रता की। इसकी जांच क्षेत्राधिकारी आंवला को दे दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।” –डॉ. संसार सिंह एसपी देहात

संबंधित समाचार