अयोध्या: पीड़िता के साथ अत्याचार पड़ा भारी,दो महिला सिपाही निलंबित
लाइन हाजिर के बाद दोनों आरोपी महिला सिपाही निलंबितराजपत्रित अधिकारी को सौंपी गई पूरे मामले की जांच अयोध्या। जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र की सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता दलित किशोरी की बयान बनवाने के लिए थाने में पीड़िता की पिटाई मामले में आरोपित महिला सिपाहियों को निलंबित किया गया है। पुलिस ने पीड़िता को उपचार के …
- लाइन हाजिर के बाद दोनों आरोपी महिला सिपाही निलंबित
- राजपत्रित अधिकारी को सौंपी गई पूरे मामले की जांच
अयोध्या। जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र की सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता दलित किशोरी की बयान बनवाने के लिए थाने में पीड़िता की पिटाई मामले में आरोपित महिला सिपाहियों को निलंबित किया गया है। पुलिस ने पीड़िता को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। समाजवादी पार्टी ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था और कार्रवाई की मांग की थी।
जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र में 4 दिन पूर्व घर से शौच के लिए खेत की ओर जा रही एक दलित किशोरी के साथ दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। प्रकरण में परिवारी जनों की ओर से थाना क्षेत्र के नारे गांव निवासी महेंद्र सिंह और विशाल सिंह के खिलाफ नामजद शिकायत दी गई थी। महाराजगंज पुलिस ने शिकायत पर सामूहिक दुराचार,पाक्सो अधिनियम और अनुसूचित जाति/ जनजाति अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया था। मामले की विवेचना और कार्रवाई में जुटी पुलिस में अगले दिन 17 नवंबर को दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। मेडिकल परीक्षण और विधिक कार्रवाई के लिए पुलिस पीड़िता को थाने लाई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के दिन ही पीड़िता ने आरोप लगाया था कि उसपर बयान बदलवाने के लिए दबाव बनाया गया। बयान न बदलने पर थाने की महिला सिपाहियों ने उसे जूता चप्पल और लात मुका से मारा पीटा। बुधवार को पीड़ित परिवार का हालचाल लेने पहुंचे समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला था। पीड़िता के साथ थाने में हुई अभद्रता और पिटाई का मामला प्रमुखता से उठाया था तथा कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। सामूहिक दुष्कर्म के इस मामले के राजनीतिक रंग लेने के बाद जनपद पुलिस ने आरोपी महिला सिपाहियों शशी व नीतू को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया था। मामले की जांच राजपत्रित अधिकारी को सौंप दी थी। गुरुवार को जनपद पुलिस ने लाइन हाजिर दोनों महिला सिपाहियों को निलंबित कर दिया है।
गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक देहात शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि महाराजगंज थाने में तैनात दो महिला सिपाहियों पर दुष्कर्म पीड़िता के साथ अभद्रता और पिटाई का आरोप सामने आया था। आरोप लगने के बाद दोनों महिला सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया गया था। प्रथमदृष्टया आरोप सही मिलने पर दोनों महिला सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच राजपत्रित अधिकारी की ओर से कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस प्रकरण में दोनों आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
