गोंडा: बच्चों से काम कराने व महिला शिक्षिकाओं से दुर्व्यवहार करने पर प्रधानाध्यापक निलंबित
निरीक्षण में सहयोगी शिक्षकों ने बीएसए को बताई प्रधानाध्यापक की करतूत
गोंडा, अमृत विचार। महिला शिक्षकों से दुर्व्यवहार करने व स्कूल में बच्चों से शारीरिक श्रम करने के आरोप में बीएसए ने मनकापुर के प्राथमिक विद्यालय वीरपुर के प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है निलंबित प्रधानाध्यापक को ब्लॉक संसाधन केंद्र मुजेहना से संबद्ध किया गया है और इसकी जांच बभनजोत व छपिया के खंड शिक्षा अधिकारियों की दो सदस्यीय टीम को सौंपी गई है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल तिवारी ने 30 जनवरी को मनकापुर के प्राथमिक विद्यालय वीरेपुर का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के शिक्षण कक्ष में चूल्हे पर मध्यान्ह भोजन पकाया जा रहा था। इस संबंध में जानकारी करने पर पता चला कि प्रधानाध्यापक ने मध्यान्ह भोजन निधि के खाते में भेजे गए धनराशि का दुरुपयोग कर उसे हड़प लिया।
इस धनराशि के खर्च को लेकर प्रधानाध्यापक बीएसए को कोई अभिलेख नहीं दिखा सके। स्कूल में तैनात दूसरे शिक्षकों ने बीएसए को बताया कि प्रधानाध्यापक रमाकांत शिक्षक शिक्षिकाओं से दुर्व्यवहार करते हैं और स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों से शारीरिक श्रम करते हैं।
इस दौरान एक बच्चे को गंभीर चोट भी लग चुकी है। पीएफएमएस पोर्टल पर डाटा ऑपरेटर के रूप में नामित सहायक अध्यापक सर्वेश भास्कर की यूजर आईडी एवं पासवर्ड का उपयोग उनकी बिना अनुमति के प्रधानाध्यापक द्वारा किया जाता है। स्कूल के निरीक्षण में शौचालय की स्थिति बेहद खराब मिली।
बच्चों के बैठने के लिए चटाई भी जीर्ण शीर्ण अवस्था में पाई गई। विद्यालय का रंग रोगन कई वर्षों से नहीं कराया गया। सहयोगी शिक्षकों ने बताया कि विद्यालय में बनने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब रहती है। अक्सर भोजन में कीड़े निकालने की शिकायत बच्चे करते हैं।
इन शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल तिवारी ने स्कूल के प्रधानाध्यापक रमाकांत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्हें ब्लॉक संसाधन केंद्र मुजेहना से संबद्ध किया गया है और इस प्रकरण की जांच खण्ड शिक्षा अधिकारी, बभनजोत महेंद्र कुमार व छपिया की खंड शिक्षा अधिकारी गीतांजलि को सौंपी गयी है।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: भाजपा सभासद से मांगी 50 लाख की रंगदारी, दो के खिलाफ केस दर्ज, जानें पूरा मामला
