महाकुंभ नगर: भगदड़ या फिर साजिश, जांच में जुटी एसटीएफ और एटीएस, जल्द खुलेगा राज
महाकुंभ नगर, अमृत विचार। महाकुंभ में मौनी अमावस्या के दिन अमृत स्नान पर्व पर हुई घटना भगदड़ थी या फिर कोई साजिश। इस बात की हकीकत जानने के लिए एसटीएफ और एटीएस लगातार इनपुट जुटा रही हैं। वाच टॉवर और सीसीटीवी कैमरों के साथ कई संदिग्ध मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर भी लगाया गया है। पुलिस लगातार इन नंबरों की निगरानी कर रही है।
महाकुंभ नगर में 29 जनवरी को मौनी अमावस्या पर अमृत स्नान के दिन हुई अचानक भगदड़ के मामले में साजिश की आशंका जताई जा रही है। इसको लेकर मीडिया, इंटरनेट के जरिए एसटीएफ और एटीएस भगदड़ के साक्ष्यों को जुटा रही हैं। मेला सूत्रों के मुताबिक भगदड़ से जुड़े कुछ तथ्य भी सामने आए हैं। उन तथ्यों के आधार पर भी जांच की जा रही है।
भगदड़ से पहले घाट पर की गई थी धक्का-मुक्की
कहा यह भी जा रहा है कि संगम घाट पर भगदड़ से पहले कुछ युवकों ने धक्का-मुक्की की थी। उस दौरान कुछ लोग गिरे और फिर गिरते ही गए। बता दें कि एसटीएफ चीफ अभिताभ यश महाकुंभ में रुककर अपनी टीम के साथ पूरी निगरानी कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो भगदड़ के बाद कुछ वीडियो वायरल हुए हैं, जिसमें कुछ लोग धक्का-मुक्की करते देखे गए हैं। जिनकी तलाश की जा रही है।
तीन स्थानों पर हुई थी भगदड़
महाकुंभ मेले में मौनी स्नान के दिन एक नहीं, कुल तीन स्थानों पर भगदड़ हुई थी। संगम नोज के साथ सेक्टर 10 में ओल्ड जीटी रोड पर और सेक्टर 21 में उल्टा किला झूंसी के पास भगदड़ की घटना हुई थी। जिसमें संगम नोज में 30 लोगों की मौत और 60 घायलों की जानकारी सामने आई थी।
यह भी पढ़ें-Lucknow News : युवक की हत्या कर जंगल में फंदे से लटकाया शव : सीमेंट कारोबारी पर कार्रवाई की मांग
