महाकुंभ में सनातन संस्कृति के रंग में रंगे विदेशी श्रद्धालु, संगम में लगाई पवित्र डुबकी, कहा- यह एक अद्भुत अनुभव है

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महाकुंभनगर। बसंत पंचमी के अवसर पर विदेशी श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान करते हुए भारतीय सनातन संस्कृति के जीवंत रंगों में रंगे दिखाई दिए। विदेशी श्रद्धालुओं ने इस विशेष अवसर पर भारतीय परंपराओं को अपनाते हुए दिव्य स्नान में भाग लिया और अपनी यात्रा को एक अद्वितीय और अविस्मरणीय अनुभव बताया।

इटली से आए एक विदेशी श्रद्धालु ने कहा “मैंने कुछ मिनट पहले पवित्र डुबकी लगाई। यह एक जीवन में मिलने वाला अनोखा अवसर जैसा महसूस हो रहा है। लोग इस क्षण के लिए 144 वर्षों से प्रतीक्षा कर रहे थे। खुद को धन्य महसूस कर रहा हूं। यह मेरे जीवन के सबसे सुंदर अनुभवों में से एक रहा। यहां के लोग हमारे प्रति बहुत ही दयालु रहे हैं।”

क्रोएशिया से आए एंड्रो ने बसंत पंचमी के अवसर पर संगम में पवित्र स्नान के बाद कहा “मैंने और मेरी पत्नी ने पवित्र स्नान किया। यह एक अद्भुत अनुभव है। वास्तव में दिव्य महाकुंभ की अनुभूति हो रही है। यहां व्यवस्थाएं और सुविधाएं सब कुछ बहुत शानदार और उत्तम रहा।”

ऑस्ट्रिया से आई अविगेल कहती हैं, “यह अविश्वसनीय और अद्भुत है। यह जीवन में एक बार मिलने वाला अनुभव है। मैंने भारत के लोगों को समझना शुरू किया है। इससे पहले मैंने कभी ऐसा कुछ नहीं देखा।” इटली से एक अन्य श्रद्धालु भी कहते हैं, “यह मेरे लिए इस तरह का पहला अवसर है। मैं इटली से आ रहा हूं और मैं बहुत बहुत खुश हूं। यह मेरे जीवन का सबसे बड़ा अनुभव है।”

यह भी पढ़ें:-महाकुंभ में बसंत पंचमी पर तीन अखाड़ों का 'अमृत स्नान' खत्म, जानिए अबतक कितने श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

संबंधित समाचार