बदायूं: फंदे से लटका मिला युवक का शव, हत्या का आरोप लगाकर परिजनों का हंगामा
बरेली जाने की बात कहकर घर से निकला था युवक
विजय नगला/बिनावर, अमृत विचार। बरेली जाने की बात कहकर घर से गए युवक का शव थाना बिनावर क्षेत्र में गांव अहिरवारा से सिकरोड़ी मार्ग स्थित हजारा नहर किनारे पेड़ पर फंदे पर लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची। युवक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हुई। परिजन चीत्कार करते आ गए। युवक की हत्या करके शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
सोमवार सुबह तकरीबन नौ बजे ग्रामीणों ने बिनावर क्षेत्र की हजारा नहर किनारे बेरी के पेड़ पर युवक का शव लटका देखा। ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची। युवक का शव पेड़ से नीचे उतारा। युवक की पेंट की जेब चेक की। जिसमें उसका आधार कार्ड, चार हजार रुपये और मोबाइल चार्जर मिला। बिनावर क्षेत्र के गांव कुंडरा निवासी ध्रुव सिंह उर्फ कल्लू (35) पुत्र सूरजपाल के रूप में उसकी पहचान हुई। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचित किया। परिजन मौके पर पहुंचे और हंगामा करना शुरू कर दिया। मृतक के भाई धीर सिंह ने बताया कि ध्रुव सिंह का एक बेटा और तीन बेटियां हैं। वह मजदूरी करते थे। कभी कभार वाहन चलाकर परिवार का पालन पोषण कर रहे थे। रविवार दोपहर लगभग तीन बजे बरेली जाने की बात कहकर घर से निकला था।
शाम छह बजे उसकी अपने भांजे मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव कड़ेला निवासी प्रेमचंद पुत्र श्याम पाल से फोन पर बात हुई थी। बताया कि वह उधार के 40 हजार रुपये लेने गांव ददमई निवासी युवक के पास आया है। वह लोग हत्या कर सकते हैं। जिसके बाद ध्रुव सिंह का फोन कट गया था। प्रेमचंद ने उसके परिजनों को फोन करके इस बारे में बताया था। तब से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। सोमवार सुबह उसका शव लटके होने की सूचना मिली। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार कंबोज ने बताया कि युवक का शव फंदे पर मिला था। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी तहरीर नहीं आई है।
