Kanpur: महिलाओं के हुनर और मेहनत को मिलेगी उड़ान, होजरी कंपनियों का महिलाओं की दो स्वयं सहायता समूह से हुआ करार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Shukla
On

ट्रेनिंग के बाद महिलाएं आर्डर के हिसाब से तैयार कर सकेंगी कपड़े

कानपुर, अमृत विचार। महिलाओं का हुनर और मेहनत अब साकार हो सकेगी। उनके द्वारा बनाए गए प्रोडक्ट सीधे कंपनी को सप्लाई हो सकेंगे। इसके लिए कंपनियों से सीधे स्वयं सहायता समूह का करार कराया जा रहा है। दो समूहों से कंपनियों के बीच करार हुआ। दोनों ही कंपनियां कपड़ों की हैं। कंपनियों द्वारा ही महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं महिलाओं को यह सहूलियत दी जा रही है। अक्सर, इन समितियों से जुड़ीं महिलाएं विभिन्न प्रकार के प्रोडक्ट तो तैयार कर लेती थीं, लेकिन उनको प्रमोट करने से लेकर उनकी बिक्री तक के सफर में उन्हें तमाम दिक्कतें होती थीं। एनआरएलएम की ओर से उनकी इसी समस्या के निदान करने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए कंपनियों से सीधे एक करार के माध्यम से इन समूह से जुड़ीं महिलाओं को जोड़ा जा रहा है। 

जिला विकास अधिकारी गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि स्पेशल क्लोथिंग का सरसौल गोपालपुर की स्वयं सहायता समूह लक्ष्य के साथ और अग्रवाल होजरी का मां कूष्मांडा प्रेरणा संकुल स्तरीय समिति घाटमपुर से करार किया गया है। इसके तहत ये समूह होजरी के कपड़े तैयार करेंगे, जो इन कंपनियों को सप्लाई होंगे। इसके लिए दोनों ही समूहों से करीब डेढ़ सौ महिलाओं को इन कंपनियों द्वारा ट्रेनिंग दी जाएगी। सिलाई मशीनें व रॉ मेटेरियल कंपनी की ओर से ही दी जाएंगी। महिलाएं, सिर्फ ऑर्डर के हिसाब से कपड़े तैयार कर कंपनी को देने का काम करेंगी।

एक सेंट्रल होगा तैयार

मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने बताया कि स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं ये महिलाएं घर से भी सिलाई कर सकती हैं। लेकिन, सभी के लिए एक सेंट्रल पाइंट तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अन्य प्रोडक्ट को लेकर भी इसी तरह का प्रयास चल रहा है। जिससे, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को उड़ान मिल सके।

यह भी पढ़ें- Kanpur में संचालित हो रहे अवैध हॉस्पिटलों पर कसा शिकंजा: यह अस्पताल हुआ सील... इसकी ओटी हुई बंद

 

संबंधित समाचार