संभल : बेटी की हत्या करने वाले पिता ने भी तोड़ा दम, दो मौतों से गांव में पसरा मातम...प्रेम-प्रसंग के चलते घटना को दिया था अंजाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल। कम्बोह थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते बेटी की लोहे के गदाले से वार कर हत्या करने के बाद जहरीला पदार्थ खाने वाले पिता की मेरठ के अस्पताल में मौत हो गई। बेटी के बाद पिता की भी मौत होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा है। दिनभर महिलाओं के रोने-बिलखने का क्रम चलता रहा। पोस्टमार्टम के बाद बेटी का शव पहुंचा तो अंतिम संस्कार कर दिया गया। जबकि पिता का शव मेरठ से शाम को घर लाया गया।

थाना क्षेत्र के गांव अशरफपुर निवासी राजपाल ने मंगलवार को बेटी अंशु (19 वर्ष) की लोहे के गदाले से वार कर हत्या करने के बाद खुद जहरीला पदार्थ खा लिया था। बताया गया कि अंशु का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग था। राजपाल ने उसे मोबाइल पर बात करते हुए देख लिया था और फिर कहासुनी भी हुई थी। बेटी ने प्रेमी युवक से संबंध तोड़ने से इन्कार किया तो पिता ने बेटी अंशु पर गदाले से वार कर उसकी जान ले ली थी। बेटी की लहूलुहान लाश देखने के बाद राजपाल ने जहरीला पदार्थ खाया तो कुछ ही देर में उसकी हालत बिगडने लगी थी। राजपाल को पहले सैदनगली के निजी अस्पताल लेकर गये थे। बाद में घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी श्रीश चंद्र गांव पहुंचे तो उनके निर्देश पर राजपाल को जिला अस्पताल भेजा गया था।

 जिला अस्पताल से गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया। देर रात मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान राजपाल की भी मौत हो गई। जिसकी खबर मिलने पर यहां से राजपाल के ससुराली और ममेरे भाई मेरठ के लिए रवाना हो गए। बुधवार को दिन निकला तो महिलाएं अंशु और राजपाल की मौत को लेकर बिलखने लगी। आसपास की महिलाएं भी घर पर पहुंचीं और उन्हें संभाला। वहीं दोपहर के वक्त पोस्टमार्टम के बाद अंशु का शव घर लाया गया तो कोहराम मच गया। शव का अंतिम संस्कार किया गया। जबकि राजपाल का शव मेरठ से शाम के वक्त पहुंचा। पत्नी मिथलेश का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। पिता और बेटी की मौत से गांव में गमगीन माहौल है।

पत्नी बोली बर्बाद हो गया मेरा घर
 पहले बेटी और फिर पति की मौत से मिथलेश पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पोस्टमार्टम के बाद बेटी अंशु का शव गांव पहुंचा तो बेटी का शव देख मां दहाड़े मारकर रो पड़ी। किसी तरह परिवार के लोगों ने उसे संभाला। अंशु का अंतिम संस्कार कर परिवार के लोग निपटे ही थे कि राजपाल की मौत की खबर आ गई। बेटी अंशु के बाद पति राजपाल की मौत की खबर सुनकर मिथलेश बदहवास हो गई। रो रोकर मिथलेश बस यही कह रही थी कि उसका घर बर्बाद हो गया।

ये भी पढे़ं : संभल : प्रेम प्रसंग के चलते बेटी की हत्या करने के बाद पिता ने खा लिया जहर, जानिए फिर क्या हुआ?

संबंधित समाचार