कानपुर के हीरामन का पुरवा की गलियों से ठेकेदार उखाड़ ले गया 8 हजार इंटरलॉकिंग टाइल्स...कंपनी को इतने लाख का नोटिस
कानपुर, अमृत विचार। हीरामन का पुरवा के मौहल्ले से नगर निगम ठेकेदार बिना कार्यादेश के 8 हजार इंटरलॉकिंग टाइल्स उखाड़ ले गया। बिना नगर निगम को बताए इंटरलॉकिंग टाइल्स ले जाने पर विभाग ने ठेकेदार पर 1.52 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है, साथ ही 3 दिनों में दोबारा टाइल्स लगाने के निर्देश दिये हैं।
मामला संज्ञान में आने के बाद नगर निगम ने ठेकेदार से सख्ती से कहा है कि समय से यदि इंटरलॉकिंग टाइल्स नहीं लगाई गई तो क्षतिपूर्ति 10 गुना कर दी जायेगी, साथ ही फर्म को काली सूची में डालने की कार्रवाई की जायेगी।
जोन 1 वार्ड 56 हीरामन का पुरवा में 79/12 के पास टाइल्स लगी हुई थीं। नगर निगम ने यहां किसी भी कार्य की अनुमति नहीं दी थी और न ही कोई कार्यादेश जारी किया। इसके बावजूद नगर निगम ठेकेदार मेसर्स एवन कन्ट्रक्शन (हनीफ) रातों-रात क्षेत्र में 250 वर्गमीटर क्षेत्रफल में लगी इंटरलॉकिंग टाइल्स उखाड़ दी और अपने साथ ले गया। इससे स्थानीय लोगों को निकलने में दिक्कत होने लगी।
गड्ढों और पाइप लाइन ऊपर निकलने के बाद दुर्घटना की भी संभावना शुरू हो गई। इंटरलॉकिंग चोरी करने की शिकायत जब नगर निगम को दी गई तो जोन 1 के अवर व सहायक अभियंता ने निरीक्षण किया। जिसपर मिला की ठेकेदार क्षेत्र से 8000 टाइल्स निकाल ले गया है। जांच के बाद अधिशाषी अभियंता ने इस मामले में ठेकेदार को 1.52 लाख रुपये का नोटिस जारी किया है और 3 दिनों में राशि नगर निगम में जमा करने के निर्देश दिये हैं।
19 रुपये प्रति टाइल्स करना होगा जमा
अधिशाषी अभियंता ने 19 रुपये प्रति इंटरलॉकिंग के हिसाब से ठेकेदार पर जुर्माना लगाया है। मुख्य अभियंता एसएएफ जैदी ने भी नाराजगी जाहिर करते हुये नियमानुसार कार्रवाई के लिये निर्देश दिये हैं।
