Kanpur: वंदे भारत ट्रेन के आगे कूदा युवक, मौत, स्टेशन पर पत्नी से झगड़ा होने पर दी जान
कानपुर, अमृत विचार। झारखंड निवासी दंपति का शुक्रवार को सेंट्रल स्टेशन पर विवाद हो गया। इसी बीच सामने से आई अयोध्या वंदेभारत के आगे युवक ने छलांग लगा दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जीआरपी इंस्पेक्टर के अनुसार दंपति के बीच विवाद महाकुंभ जाने को लेकर हुआ था। घटना के कारण वंदेभारत एक्सप्रेस करीब 45 मिनट स्टेशन पर खड़ी रही।
झारखंड के धनबाद कौआ बांध निवासी 26 वर्षीय सूरज यादव पत्नी शोभा कुमारी, साली व सास के साथ शुक्रवार को घर जाने के लिए सेंट्रल पहुंचा। वह प्लेटफार्म सात पर बैठकर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच दंपति में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर सूरज ने उसी समय 22436 अयोध्या वंदेभारत एक्सप्रेस आती दिखी तो उसने उसके आगे छलांग लगा दी। सी-14 कोच के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
विवाद की वजह स्पष्ट नहीं हुई, लेकिन आसपास के लोगों ने बताया कि पत्नी घर जाने से पहले महाकुंभ जाने की जिद कर रही थी। सूरज पहले घर और उसके बाद संगम स्नान की बात कह रहा था। इसी को लेकर दोनों में विवाद हुआ। जीआरपी थाना प्रभारी ओएन सिंह ने बताया कि सूरज परिजनों के साथ शहर में ही ईट-भट्ठे पर काम करता था। पत्नी से विवाद होने पर उसने जान दी है।
