मुरादाबाद: छेड़छाड़ के विरोध पर छह छात्राओं को कार से रौंदा, दो गंभीर...तीन आरोपी गिरफ्तार
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में स्थित गोल्डेन गेट स्कूल के पास आनंदम सिटी के सामने तेज रफ्तार बलेनो कार ने सड़क किनारे खड़ी छह छात्राओं को टक्कर मार दी। हादसे में घायल छात्राओं को कांठ रोड के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद भाग रहे कार चला रहे युवक को भीड़ ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि उसके चार अन्य साथी कार से उतरकर भाग निकले, जिसमें से दो को बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गंभीर घायल एक छात्रा के पिता ने कार सवार रईसजादों पर छेड़छाड़ का विरोध करने पर जान से मारने की नीयत से कार से टक्कर मारने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद विधायक रितेश गुप्ता ने भी अस्पताल पहुंच कर घायल छात्राओं का हाल जाना।
थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के रामगंगा विहार चौकी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह लगभग 11:30 बजे शिरडी साईं स्कूल की 12 वीं कक्षा की कुछ छात्राएं गोल्डेन गेट स्कूल के सामने आनंदम सिटी हाउसिंग सोसाइटी के पास खड़ी थीं। बताया गया कि उसी समय तेज रफ्तार कार ने छात्राओं को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्राएं सड़क पर इधर-उधर गिर कर तड़पने लगी। एक छात्रा कार के बोनट पर फंस कर दूर तक जाकर गिरी। टक्कर लगने के बाद कार में कार सवार युवक भागने लगे। जिन्हें लोगों ने पीछा करके रोक लिया। कार रुकते ही उसमें सवार तीन-चार युवक भाग निकले, जबकि कार चला रहे नवीन नगर निवासी शगुन पुत्र दौलत सिंह को लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दो को बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सूचना पाकर रामगंगा विहार चौकी प्रभारी कुलदीप राणा टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। छात्राओं के परिजन भी आ गए। आनन-फानन में सभी छात्राओं को कांठ रोड स्थित विवेकानंद अस्पताल पहुंचाया गया। जहां छात्राओं को भर्ती करके उपचार किया जा रहा है। दो छात्राओं की हालत गंभीर बनी हुई है।
उधर, सिविल लाइंस पुलिस ने आरोपी चलक शगुन को हिरासत में ले लिया है। एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि एक छात्रा के परिजन की तहरीर पर पांच युवकों के खिलाफ छात्राओं से छेड़छाड़ के विरोध पर जान से मारने की नीयत से तेज रफ्तार कार चलाकर टक्कर मारने के आरोप में नामजद रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। कार चला रहे आरोपी के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं मिला है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Moradabad: रामगंगा पुल बंद होने से लोग परेशान, कम नहीं हो रही दुश्वारी...गूगल पर बंद कराया रामगंगा पुल का रास्ता
