दिल्ली: मार्केट एसोसिएशन से मिले केजरीवाल, बोले- सरकार किसी बाजार को बंद नहीं करना चाहती
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए चिंता का सबब बने हुए हैं। जिसके चलते दिल्ली में सरकार द्वारा बाजार बंद करने की चर्चाएं भी विगत कुछ दिनों से जोरों पर हैं। ऐसा माना जा रहा था कि कोरोना की रोकथाम के लिए दिल्ली सरकार यहां …
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए चिंता का सबब बने हुए हैं। जिसके चलते दिल्ली में सरकार द्वारा बाजार बंद करने की चर्चाएं भी विगत कुछ दिनों से जोरों पर हैं। ऐसा माना जा रहा था कि कोरोना की रोकथाम के लिए दिल्ली सरकार यहां के बाजारों में लॉकडाउन लगा सकती है। जिस वजह से यहां के व्यापारियों में खलबली मची हुई थी। ऐसे में केजरीवाल ने दिल्ली के मार्केट एसोसिएशन से गुरुवार को मुलाकात कर उनकी शिकायतों को जाना।
इस मुलाकात के बाद केजरीवाल ने बाजार बंद करने के मसले पर ट्वीट करते हुए कहा कि मैंने मार्केट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात की। मैंने उनकी शिकायतों का निपटारा किया और बताया कि सरकार किसी बाजार को बंद नहीं करना चाहती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि अगर कोई व्यक्ति मास्क नहीं पहना होगा तो उसे मार्केट एसोसिएशन की तरफ से मुफ्त में दिया जाएगा। सभी दुकानों से कहा जाएगा कि वे हैंड सेनेटाइजर के साथ में एक्स्ट्रा मास्क रखें।
इससे पहले केजरीवाल ने कहा था कि मार्केट एसोसिएशन कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में अहम भूमिका निभा सकता है। मंगलवार को दिल्ली सरकार ने उस प्रस्ताव के बारे मे बताया जो उसने केन्द्र के पास भेजा था और कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो सेफ्टी प्रोटोकॉल्स का उल्लंघन करने वाले बाजारों को बंद किया जा सकता है। हाल ही में कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए दिल्ली सरकार ने शादी समारोह में 200 की जगह केवल 50 लोगों के अधिकतम शामिल होने का भी फैसला किया था। सरकार के इस फैसले के बाद दिल्ली के व्यापारियों में संशय था कि कहीं बाजार भी ना बंद कर दिये जाएं।
