बाराबंकी: महाकुंभ की समाप्ति तक रहेगा डायवर्जन, घर से निकलने से पहले देखें रूट
बाराबंकी, अमृत विचार। श्रद्धालुओं की अपार भीड़ से पटे पड़े प्रयागराज की तरह अयोध्या भी चपेट में है। अयोध्या में प्रयागराज जैसी स्थिति न होने देने के लिए बाराबंकी में लागू किया गया रूट डायवर्जन अब भी जारी है। हालांकि महाकुंभ की समाप्ति तक यह डायवर्जन लागू रहेगा, पर इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
बताते चलें कि फिलहाल प्रयागराज में श्रद्धालुओं की बेतहाशा आमद के चलते 15-15 घंटे जाम लग रहा है। हर ओर से आते जा रहे श्रद्धालु बस संगम तक पहुंचने को आतुर हैं। महाकुंभ का हर स्नान अपने आप में महत्व रखता है। इसके साथ ही जाते समय अयोध्या दर्शन की मंशा लिए श्रद्धालु खासकर बाराबंकी से होकर जा रहे हैं। यही वजह रही कि अयोध्या में रिकार्डतोड़ भीड़ एकत्र हो गई और स्थानीय पुलिस प्रशासन को भीड़ नियंत्रित करने में नाकों चने चबाने पड़े।
बढ़ती भीड़ के चलते प्रशासन ही नहीं, शासन भी चौकन्ना हो गया। किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए ही गत 2 फरवरी से रूट डायवर्जन लागू कर निजी व व्यवसायिक वाहनों को गोण्डा-बहराइच हाईवे से रवाना किया जाता रहा है। केवल अयोध्या एवं बाराबंकी के रामसनेहीघाट, सफदरगंज वासियों को आधार कार्ड दिखाकर सफर करने की छूट दी गई है। इसके लिए चौपुला पुल से लेकर बाराबंकी सीमा पर बैरियर बनाकर निजी और व्यवसायिक वाहनों को रोका जा रहा है। रविवार को भी चौपुला, सफदरगंज, रामसनेहीघाट से वाहनों की दिशा बदली गई। तमाम वाहनों को गोण्डा बहराइच रोड तो दूसरी ओर पूर्वांचल एक्सप्रेस से जाने के लिए कहा गया।
आलम यह है कि यात्री दोगुनी दूरी तय कर मंजिल पर पहुंच रहे हैं। इस बारे में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी डा. अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि अयोध्या में भीड़ नियंत्रित करने के लिए डायवर्जन लागू किया गया है जो अब महाकुंभ की समाप्ति तक चलेगा।
ये भी पढ़ें- बाराबंकी: नहर में मिला गायब प्रॉपर्टी डीलर का शव, सुसाइड नोट में लिखी ये बात...परिजनों में मचा कोहराम
