बदायूं: फंदे पर मिला महिला का शव, मायका पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

कुंवरगांव, अमृत विचार। कस्बा कुंवरगांव के वार्ड चार निवासी महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। शनिवार सुबह घर पर फंदे पर उसका शव लटका मिला। वह तीन महीने पहले अपने पति की मौत के बाद से परेशान चल रही थी। मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे मायका पक्ष ने पुलिस को सूचना दी। हत्या करके शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

थाना कुंवरगांव क्षेत्र के कस्बा के वार्ड चार निवासी अमरजीत की लगभग तीन महीने पहले बीमारी से मौत हो गई थी। जिसके बाद से उनकी पत्नी शकुंतला परेशान रहने लगी थीं। वह अपनी दो बेटियों के साथ घर पर रहती थीं। एक बेटी की शादी तय कर दी थी। शनिवार सुबह महिला का शव उसके घर में फंदे पर लटका मिला। परिवार में चीत्कार मच गया। सूचना मिलने पर महिला के आंवला क्षेत्र के गांव मनौना निवासी मायका पक्ष पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। जमीन के चलते महिला के परिवार के तीन लोगों पर महिला की हत्या करके शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया। मायका पक्ष ने बताया कि चार दिन पहले महिला अपने मायके आई थी और वापस आ गई थीं।

शुक्रवार देर शाम लगभग आठ बजे मायका पक्ष से फोन पर बात की थी। उस दौरान महिला घबराई हुई लग रही थी। जिसके बाद महिला की मौत होने की सूचना मिली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मायका पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। कुंवरगांव के थानाध्यक्ष रामेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या लग रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अभी किसी की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें - बदायूं: फसल की रखवाली करने गए किसान का कुइंया में मिला शव

संबंधित समाचार