सम्मान के लिए बुलाई गई पैरा एथलीट का राजधानी में अपमान, नशे में धुत रईसजादों ने कार में मारी टक्कर और धमकाया
लखनऊ, अमृत विचार: महाकुंभ में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री की ओर से आमंत्रित उत्तराखंड की नेशनल पैरा एथलीट प्रीति गोस्वामी की कार में गोमतीनगर में नशे में धुत युवक ने टक्कर मार दी। घायल एथलीट ने नाराजगी जताई तो उनकी और उनकी खिलाड़ी सहेलियों की दिव्यांगता पर न केवल टिप्पणी की बल्कि अंजाम भुगत लेने की धमकी भी दी। कार नंबर के आधार पर पैरा एथलीट ने गोमतीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है, जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर दावा किया है। आरोपी रईसजादे बताए गए हैं।
अल्मोड़ा के रानीखेत निवासी अधिवक्ता प्रीति गोस्वामी पुत्री कर्नल गणेश गिरी गोस्वामी नेशनल पैरा एथलीट हैं। उन्हें महाकुंभ में क्रीड़ा भारती की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आमंत्रित किया था। प्रयागराज जाने के लिए प्रीति 6 फरवरी को कार से रानीखेत से निकलीं थीं। उनके साथ पैरा एथलीट निर्मला देवी व एक अन्य पैरा खिलाड़ी सहेली भी थी। लखनऊ पहुंचते-पहुंचते रात हो गई। इस पर प्रीति व सहेलियों ने विनय खण्ड में सहेली के घर रुकने का प्लान बनाया। करीब 10:30 बजे उनकी कार विराम खण्ड-2 चौराहे के पास पहुंची थी। यहां सामने से आ रही कार यूपी 32 एनए 4500 के चालक ने प्रीति की कार में टक्कर मार दी।
दुर्घटना में निर्मला का मुंह फट गया और खून बहने लगा। प्रीति ने विरोध किया तो कार सवार उन्हें गाली देने लगा। प्रीति ने 112 नंबर पर फोन पर पुलिस को सूचना दी। प्रीति का आरोप है कि कार सवार ने उनकी दिव्यांगता पर भी कमेंट किए। कहा कि दिव्यांग लोग सड़क पर वाहन लेकर क्यों आ जाते हैं। प्रीति ने मोबाइल पर रिकॉर्डिंग करने की कोशिश की तो आरोपी ने हाथ मारकर मोबाइल गिरा दिया और गाली गलौज शुरू कर दी। प्रीति का आरोप है कि नशे में धुत युवकों ने अंजाम भुगतने की धमकी भी दी और वहां से भाग निकले। पुलिस के पहुंचने पर पीड़िता ने पूरी घटना बताई। मेडिकल कराने के बाद प्रीति ने गोमतीनगर थाने में कार नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर गोमतीनगर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के सीसी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कार नंबर की डिटेल भी आरटीओ से मांगी गई है। आरोपी को चिन्हित कर लिया गया है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ेः सस्ते हुए दालों के दाम, जानें अब कितने रूपए में भर जाएगा आपका किचन
