बहराइच: हल्दी की खेती प्रशिक्षण के लिए हरिद्वार रवाना हुए किसान, डीएम ने दिखाई हरी झंडी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच, अमृत विचार। जिले में पैदा होने वाले हल्दी की खरीद पतंजलि द्वारा की जाएगी। इसे देखते हुए किसानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। सोमवार शाम को किसानों का दल हरिद्वार के लिए रवाना हुआ। आठ सदस्यीय दल को जिलाधिकारी मोनिका रानी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उप-निदेशक कृषि शिशिर कुमार वर्मा ने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनपद के विकासखंड मिहींपुरवा में गठित बेब राज फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, प्रत्युष बायोएनर्जी फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड और वीरांगना लक्ष्मीबाई महिला किसान उत्पादक संगठन के 08 प्रतिनिधियों को पतंजली आयुर्वेद लिमिटेड हरिद्वार, उत्तराखंड में हल्दी की खेती व उसकी प्रोसेसिंग आदि के प्रशिक्षण के लिए कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी मोनिका रानी ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया। कृषक उत्पादक संगठनों का माह दिसंबर में उप कृषि निदेशक बहराइच व जिलाधिकारी द्वारा पतंजली आयुर्वेद के साथ एमओयू साझा किया गया था।

विकासखंड मिहींपुरवा में बहुत बड़े स्तर पर हल्दी की खेती की जाती है और कृषकों को उचित मूल्य न मिलने के कारण यह समझौता किया गया है जिससे किसानों को उनके उत्पादन का उचित मूल्य प्राप्त हो सके। प्रशिक्षण में कृषक हल्दी प्रोसेसिंग यूनिट के बारे में नए-नए तरीकों से हल्दी उत्पादन की खेती की जानकारी प्राप्त करेंगे। जिससे जनपद में हल्दी की खेती को बढ़ावा मिलेगा और कृषकों की आय में वृद्धि होगी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मोनिका रानी, मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चंद्र, उप-कृषि निदेशक शिशिर कुमार वर्मा, जिला कृषि अधिकारी सूबेदार यादव, टेक्निकल सपोर्ट यूनिट (बीएमजीएफ) से आए प्रतिनिधि अरविंद मिश्रा व एफपीओ के सीईओ व निदेशक मंडल उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें- बहराइच: फूस के मकानों में अज्ञात कारणों से लगी आग, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर पाया काबू 

संबंधित समाचार