बहराइच: फूस के मकानों में अज्ञात कारणों से लगी आग, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर पाया काबू
मिहीपुरवा/बहराइच, अमृत विचार। जिले के ग्राम पंचायत गोपिया में सोमवार शाम को तीन फूस के मकान अज्ञात कारणों से जल गए। शोर सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। अग्निकांड में हजारों का नुकसान हुआ है।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गोपिया के मजरा साजिदपुरवा निवासी कृपाराम पुत्र मंशाराम का फूस का मकान बना हुआ था। आसपास में तीन फूस के मकान थे। सोमवार शाम 4.15 बजे अज्ञात कारणों से फूस के मकान में आग लग गई। देखते ही देखते तीनों मकान धू-धू कर जल गए। ग्रामीणों के शोर मचाने पर पहुंचे आसपास के लोगों ने आग फैलने से रोका। आग लगने से घर में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन सब कुछ जल गया है। आग लगने की सूचना हल्का लेखपाल को दी गई है। उपजिलाधिकारी मोतीपुर अश्विनी कुमार पांडेय ने बताया कि आग लगने की जानकारी हुई है। लेखपाल की रिपोर्ट पर सहायता राशि दी जाएगी।
ये भी पढ़ें- बहराइच: ट्रक की चपेट में आने साइकिल सवार छात्र की मौत, परिजनों में मचा कोहराम, चालक हिरासत में
