बरेली में शर्मनाक हरकत! शोहदे ने लकड़ी के फोटो और नंबर के साथ लगाए अश्लील पोस्टर, परिवार ढूंढ-ढूंढकर हटाता रहा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहगंज पूर्वी, अमृत विचार : चौकस महिला सुरक्षा के दावों के बावजूद शोहदे सारी हदें पार करते जा रहे हैं। फतेहगंज पूर्वी में एक युवती की शादी रुकवाने के लिए शोहदों में उसके मोहल्ले में फोटो और मोबाइल नंबर समेत जगह-जगह तमाम अश्लील पोस्टर लगा दिए। परिवार वालों को धमकी भी दी कि वे युवती की शादी नहीं होने देंगे और उसे उठाकर ले जाएंगे। परिवार वालों ने पहले खुद ढूंढ-ढूंढकर पोस्टर हटाए, फिर थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

युवती के पिता के मुताबिक काफी समय से कुछ शोहदे उनकी बेटी के पीछे पड़े हुए हैं। उसका घर से निकलना तक मुश्किल कर रखा है। हाल ही में उन्होंने अपनी बेटी की शादी तय की तो वे रिश्ता तुड़वाने के लिए उसे बदनाम करने में जुट गए हैं। रविवार की रात उन्होंने उनके मोहल्ले में तमाम पोस्टर चिपका दिए जिसमें उसके फोटो के साथ मोबाइल नंबर भी दिया हुआ था। इसके साथ उसके बारे में अश्लील बातें भी लिखी हुई थीं। सुबह परिवार के लोगों को इसका पता चला तो उन्होंने पूरे मोहल्ले में घूमकर खुद पोस्टर हटाए।

युवती की मां की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि इंस्पेक्टर थाना फतेहगंज पूर्वी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। इसके बाद जांच कर आरोपियों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। परिवार वालों का यह भी आरोप है कि शोहदों ने उनके साथ गालीगलौज कर धमकी दी है कि वे उनकी बेटी की शादी नहीं होने देंगे और उसे उठा ले जाएंगे।

मां ने कहा- आत्महत्या कर लेगी मेरी बेटी
रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंची युवती की मां ने बताया कि पोस्टर चस्पा होने के बाद उनकी बेटी गहरे सदमे में है और किसी से बात नहीं कर रही है। मोहल्ले में उसके पोस्टर चस्पा किए जाने के बाद उसके मोबाइल पर कई लोगों के फोन आ चुके हैं। उसने अपना मोबाइल बंद कर दिया है। अवसाद में वह आत्महत्या भी कर सकती है।

शहर में पिता के साथ जा रही युवती से छेड़खानी
शहर में भी राह चलते छेड़खानी की घटनाएं हद पार कर रही हैं। सोमवार को पिता के साथ जा रही युवती से कुछ युवकों ने छेड़खानी शुरू कर दी। हिम्मत दिखाकर युवती के पिता ने राह चलते लोगों की मदद से एक को पकड़ लिया और धुनाई के बाद कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया।

सोमवार सुबह करीब 11 बजे युवती अपने पिता के साथ मिशन अस्पताल के सामने से गुजर रही थी। तभी दो युवकों ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। युवती के पिता ने विरोध किया, तब भी वे बाज नहीं आए। उल्टे उन्हें धमकाने की कोशिश करने लगे। युवती के पिता ने इस पर शोर मचाकर राह चलते कुछ लोगों को रोका और फिर दोनों युवकों में से एक को पकड़ लिया। भीड़ इकट्ठी हुई तो उसका साथी भाग निकला।

लोगों ने पकड़े गए युवक को धुना और पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़ा गया युवक सुभाषनगर के नेकपुर का रहने वाला बताया गया है जो शटरिंग का काम करता है। पुलिस ने बताया कि युवती के पिता की ओर से तहरीर नहीं मिली है, इसलिए रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।

यह भी पढ़ें- Bareilly: अवैध खनन पर कार्रवाई, 8 माफिया गिरफ्तार, 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 1 जेसीबी सीज

संबंधित समाचार