कासगंज: मटर मंडी में किसानों और दारोगा के बीच चले लाठी डंडे, इसलिए शुरू हुआ विवाद...
कासगंज, अमृत विचार। मटर मंडी मोहनपुरा में बैलगाड़ी हटाने को लेकर किसान और दारोगा के बीच विवाद हो गया। लाठी डंडे चलने लगे। किसान के डंडे से दारोगा का सिर फूट गया। पुलिस ने दारोगा की तहरीर पर आधा दर्जन किसानों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने एक किसान को गिरफ्तार भी कर लिया है। दारोगा को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मोहनपुर मटर मंडी में मटर की आवक भारी मात्रा में हो रही है। मटर लेकर मंडी में पहुंच रहे किसानों के वाहनों से जाम लग रहा है। जाम खुलवाने के लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। ड्यूटी आवास विकास चौकी पर तैनात एसआई संजीव तिवारी की डयूटी भी लगी थी। वह जाम को खुलवा रहे थे, कल्लू सिंह पुत्र बाबू सिंह निवासी कांतौर भी बैलगाड़ी में मटर भरकर पहुंचे थे। दारोगा ने बैलगाडी को सड़क से हटाने को कहा, लेकिन जाम की वजह से बैलगाड़ी को रास्ता नहीं मिल रहा था। इसी बात को लेकर दारोगा ने गाली गलौज करते हुए किसान के डंडा मार दिया। किसान ने बैलगाड़ी को छोड़कर दारोगा को पकड़ लिया। अन्य किसान के परिजन भी पहुंच गए। दोनों ओर से मारपीट होने लगी। किसान कल्लू ने बैल हकाने वाली पेनियां को दारोगा के सिर में मार दिया। जिससे दारोगा का सिर फूट गया। खून निकलने लगा, तभी और पुलिस के साथी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किसानों को दौड़ा दिया। किसान कल्लू को पकड़ लिया। पुलिस ने दारोगा की तहरीर पर लगभग पांच छह किसानों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने दारोगा को मजरूमी चिठ्ठी देकर चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है। जहां दारोगा का चिकित्सीय परीक्षण किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें - कासगंज: हिंदू संगठन बोले धार्मिक भावनाएं हो रहीं आहत, शराब के ठेकों पर कसे लगाम
