कासगंज: होलिका दहन को लेकर सराय जुन्नादार में तनाव बरकरार, ड्रोन कैमरों से हो रही निगरानी

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

सोरों, अमृत विचार। सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव सराय जुन्नारदार में होलिका स्थल को लेकर दो समुदाय के बीच तनाव बढ़ रहा है। एक पक्ष होलिका स्थल निर्धारित करने को लेकर अढ़ा हुआ है, और गांव में घर बिकाऊ के पोस्टर तक चस्पा कर दिए हैं। दोनों समुदाय के बीच पैदा हो रहे तनाव को लेकर प्रशासन भी अलर्ट है। एसडीएम, सीओ, कोतवाल, तहसीलदार ने गांव में पहुंच कर पैदल मार्च किया। दोनों समुदाय के लोगों को समझाने का प्रयास किया। साथ ही ड्रोन कैमरा के माध्यम से निगरानी की जा रही है। सुरक्षा को लेकर गांव में पुलिस बल तैनात  है।

गांव जुन्नारदार मुस्लिम बाहुल्य गांव है, ग्राम समाज की जमीन के बराबर में ही मस्जिद मौजूद है। कई सालों से यहां होलिका रखने को लेकर विवाद चला आ रहा है। बताया गया है कि मस्जिद के गेट से 20 मीटर पहले होलिका दहन होता  था, लेकिन इस पर दूसरे समुदाय के लोगों ने आपत्ति जताई। लिहाजा बाद में स्थान परवर्तित हुआ। होलिका सरकारी स्कूल के पास रखी जाने लगी। मगर यहां भी आंगनबाडी केंद्र बन गया और जगह नहीं बची। लोगों ने होलिका को पुराने स्थान पर रखने की मांग की है। जिससे दोनों समुदाय के बीच तनाव पैदा हो गया। होलिका दहन का स्थान निर्धारित नहीं होने पर गांव में होली नहीं मनाने की चेतावनी दी थी। अब अपने-अपने घरों पर मकान बिकाऊ का पोस्टर लगा दिया है। जिससे दोनों के समुदाय के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। 

मंगलवार को गांव में एसडीएम संजीव सिंह, सीओ आंचल चौहान, कोतवाल जगदीश चंद्र तहसीलदार के साथ गांव में पहुंच गए। जहां तनाव को लेकर स्थिति को भापा। ड्रोन कैमरा से निगरानी करते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। साथ ही दोनों के समुदाय के संभ्रांत लोगों के साथ बैठ कर समझाने का प्रयास किया, लेकिन हिन्दू समुदाय के लोग पुराने स्थल पर ही होलिका रखने की जिद पर अड़े हुए हैं। गांव में मंगलवार को सुरक्षा के मददेनजर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

ये भी पढ़ें - कासगंज: मटर मंडी में किसानों और दारोगा के बीच चले लाठी डंडे, इसलिए शुरू हुआ विवाद...

संबंधित समाचार