कानपुर: स्क्रैप कारोबारियों पर 87 करोड़ की कर चोरी का आरोपपत्र पेश
जब्त किए गए फर्जी बिल व कागजात से हुआ था सीजीएसटी चोरी का खुलासा
कानपुर, अमृत विचार। तीन स्क्रैप कारोबारियों की गिरफ्तारी 27 करोड़ की कर चोरी में की गई। विवेचना में 50 करोड़ की कर चोरी और पकड़ी गई। मामले में मंगलवार को प्रभारी विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में स्क्रैप कारोबारियों के खिलाफ 87 करोड़ रुपये कर चोरी में 316 पेज का आरोपपत्र पेश किया गया है।
वस्तु एवं सेवा कर खुफिया महानिदेशालय की टीम को फर्जी बिल बनाकर सीजीएसटी की चोरी करने की जानकारी हुई। जिस पर टीम ने बीते 14 दिसंबर को 14 स्थानों पर छापा मारकर फर्जी बिल और कागजात जब्त किए। इसमें सीजीएसटी चोरी का खुलासा हुआ। टीम को जानकारी हुई कि कारोबारी यशोदानगर के राजीवनगर निवासी संजीव दीक्षित, हरिहरनाथ शास्त्रीनगर निवासी रोहित मिश्रा और शिवपुरम दहेली सुजानपुर निवासी विपरेंद्र कुमार उपाध्याय स्क्रैप बिक्री के नाम पर सीजीएसटी की चोरी कर रहे हैं। ये लोग स्क्रैप के फर्जी बिल बनाकर अपने खातों में पैसा ट्रांसफर कर रहे हैं। उक्त ने 150 करोड़ रुपये का टर्नओवर दिखाकर 27 करोड़ रुपये की कर चोरी की है।
छापेमारी के बाद तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। मौजूदा समय में तीनों आरोपी कारोबारी जेल में हैं। विशेष लोक अभियोजक अंब्रीश टंडन ने बताया कि मंगलवार को तीनों कारोबारियों को कोर्ट ने जेल से तलब किया। इसके बाद 316 पेज का आरोपपत्र दाखिल किया गया, जिसमें 87 करोड़ रुपये की कर चोरी सामने आई है।
ये भी पढ़ें- Kanpur Metro: डाउनलाइन पर जल्द शुरू होगा टनल निर्माण...लोअर करने की प्रक्रिया हुई पूरी
