लखीमपुर खीरी: अकेली महिला के घर में घुसे पड़ोसी ने किया रेप का प्रयास
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर से सटे एक गांव में एक युवक महिला के घर में घुस गया और उसे अकेला पाकर दबोच लिया। महिला के साथ रेप की कोशिश की। महिला ने विरोध किया तो गाली गलौज की और जान से मार देने की धमकी दी। सदर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला ने बताया कि उसका पति जिले से बाहर मजदूरी करने गया है। वह अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ घर पर रहती है। घटना 10 फरवरी की रात करीब नौ बजे की है। वह अपने बच्चों के साथ घर पर मौजूद थी। तभी गांव का इंद्रेश घर के अंदर घुस आया और उसका हाथ पकडकर जोर जबरदस्ती करने लगा। उसने जब विरोध किया तो आरोपी ने गाली गलौज की। जान से मारने की धमकी देने लगा। साथ ही कहा कि कोई कार्रवाई की तो जान से मार कर नदी में फेंक दूंगा। शोर शराबा करने पर आसपास के लोग आ गए। इस पर आरोपी धमकाते हुए मौके से भाग निकला। पीड़ित महिला का कहना है कि आरोपी दबंग किस्म का व्यक्ति है। खुलेआम अवैध कच्ची शराब का व्यापार करता है।
मजदूरी पेशा होने के कारण पति बाहर रहता है। जिसके कारण आरोपी के हौसले काफी बुलंद हैं। उसने पति के घर पर न रहने का फायदा उठाते हुए घटना कारित की है। पीड़ित महिला ने आरोपी के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की है। शहर कोतवाल अंबर सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
