बदायूं: ट्रांसफार्मर पर तार सही करते समय करंट से युवक की मौत
बदायूं, अमृत विचार। ट्रांसफार्मर पर बिजली का तार सही करते समय युवक को करंट लग गया। युवक की मौके पर मौत हो गई। परिजनों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों पर लारवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
हादसा थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव अफजलपुर बुंदेती में हुआ। गांव में लगातार बिजली कटौती समस्या बनी हुई थी। ग्रामीणों के अनुसार गांव में बिजली चली जाने पर राजेश को लगा कि ट्रांसफार्मर का तार टूटने से बिजली चली गई है। उन्होंने डंडा लेकर ट्रांसफार्मर का तार जोड़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान बिजली आ गई। राजेश को करंट लग गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद ग्रामीण उन्हें पास के अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक ने मौत की पुष्टि कर दी। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक के परिजनों ने बिजली विभाग के जिम्मेदारों पर आरोप लगाए। बताया कि अक्सर बिजली जाने की शिकायत पर विभागीय जिम्मेदारों ने कार्रवाई नहीं की। जिसके चलते राजेश बिजली ठीक कर रहे थे।
