बदायूं: मकान का जर्जर छज्जा गिरने से राजमिस्त्री की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिल्सी, अमृत विचार। कोतवाली बिल्सी क्षेत्र के गांव उलैया में अचानक मकान का जर्जर छज्जा गिर जाने से उसके मलबे में दबकर एक राजमिस्त्री बुधवार सुबह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान गुरुवार को राजमिस्त्री की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के परिवार वालों में कोहराम मचा हुआ है। 

गांव उलैया के तसब्बर बेग के एक मकान का काम चल रहा था। गांव निवासी राजबहादुर (45) पुत्र गोकिलराम मकान में राजमिस्त्री का काम रहे थे। साथ में कुछ मजदूर भी थे। सुबह लगभग साढ़े 10 बजे मकान का जर्जर छज्जा अचानक गिर गया। राजमिस्त्री राजबहादुर मलबा के नीचे दब गए। छज्जा गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और मजदूर तुरंत दौड़े और उन्होंने मलबा में दबे राजबहादुर को बाहर निकाला। साथ ही उनके परिवार के लोगों को इसकी सूचना दी। जिसके बाद परिवार के लोग आनन-फानन में गंभीर रुप से घायल हुए राजबहादुर को इलाज के लिए पहले राजकीय मेडिकल कालेज के लिए ले गए। जहां उनकी हालत और बिगड़ने लगी। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें अलीगढ़ के लिए ले गए। जहां उनकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उनका उपचार करने से इन्कार कर दिया। जिसके बाद राजबहादुर को वापस बदायूं के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान गुरुवार तड़के लगभग चार बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। खबर मिलने पर पुलिस भी गांव पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

संबंधित समाचार