कानपुर के कोहना में युवक का कंकाल मिलने से फैली सनसनी: 15 दिन से घर से गायब था...परिजन बोले- हत्या कर फेंका गया
कानपुर, अमृत विचार। कोहना थानाक्षेत्र में 15 दिन से लापता युवक का एलनगंज कालोनी के जंगल में कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की तलाश करते हुए परिजन जंगल पहुंचे और कपड़ों से उसकी शिनाख्त की। परिजनों के अनुसार युवक के दोनों पैर एक पॉलीथिन से बंधे हुए थे।
जिसके बाद उन लोगों ने हत्या करके शव को जंगल में फेंकने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची कोहना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटना की जांच शुरू की। इस दौरान क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता लग सकेगा। इसके बाद परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एलनगंज निवासी 32 वर्षीय मुकेश कुमार उर्फ बुलबुल वहीं पर बड़े भाई पप्पू के साथ एक प्रतिष्ठित स्कूल के पास कार सर्विस की दुकान में काम करता था। मुकेश के मां राजकुमारी और पिता बाबूलाल की मौत हो चुकी है। इसके अलावा परिवार में भाई पप्पू, सिद्धनाथ, राजन और कुंभकेश है। मुकेश भाइयों में सबसे छोटा था। भाई पप्पू ने बताया कि वह सभी भाई पनकी के कांशीराम कालोनी में रहते हैं और मुकेश दुकान के बाहर ही तख्त रखकर गुजारा करता था। पप्पू ने बताया कि यहां साथ में एक अन्य कर्मचारी रवि भी साथ में रहता था।
उनके अनुसार 31 जनवरी 2025 को मुकेश देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। 1 फरवरी को रवि ने जानकारी दी कि वह रात से नहीं आया। इसके बाद परिजनों ने उसे खोजना शुरू कर दिया। लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। बताया कि उन्होंने दिल्ली में रहने वाली बहन सुनीता को फोन कर मुकेश की जानकारी ली। लेकिन वह वहां भी नहीं पहुंचा।
इसके बाद 6 फरवरी 2025 को वह लोग कोहना थाने पहुंचे और मुकेश की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बड़े भाई पप्पू ने बताया कि काफी समय पहले उनका पूरा परिवार व सभी भाई एलनगंज स्थित एल्गिन मिल कंपाउंड में रहते थे। लेकिन हाईकोर्ट के आदेश पर पूरा कंपाउंड खाली कराया गया था। जिसके बाद उन लोगों को यहां से शिफ्ट होना पड़ा था। कंपाउंड खाली होने के बाद एक बड़ा हिस्सा जंगल में तबदील हो गया।
पप्पू के अनुसार शनिवार को भी वह सब परिवार के लोग वहीं आसपास तलाश कर रहे थे। जहां पर काफी दुर्गंध आ रही थी। इस पर उन लोगों ने सूचना पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे कोहना इंस्पेक्टर अवधेश कुमार ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू की। इंस्पेक्टर ने जंगल में सूखे नाले से कंकाल को बरामद किया। जिससे भीषण दुर्गंध उठ रही थी।
पॉलीथिन में दोनों पैर बंधे शव को निकाला गया तो कपड़ों से परिजनों ने शिनाख्त कर ली। परिजनों ने पहचान कर हत्या का आरोप लगाया। परिजनों ने आशंका जताई कि मारने से पहले पॉलीथीन से मुकेश के पैर बांधे गए होंगे। इसके बाद उसे नाले में फेंक दिया गया होगा। भाइयों का कहना था कि मुकेश अत्याधिक शराब का लती था। एलनगंज के जंगल में अक्सर रात के वक्त नशेबाजों और अराजकतत्वों का जमावड़ा लगता है। इंस्पेक्टर के अनुसार एक फरवरी से अब तक के सीसी टीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
ये भी पढ़ें- कानपुर में 100 रुपये को लेकर युवक की हत्या: लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, चार माह से जिंदगी और मौत से जूझता रहा
