रामपुर : दहेज में 3 लाख नहीं मिलने पर दूल्हे ने फेरे लेने से किया इनकार, बिना दुल्हन लौट गई बारात...तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

दबाव बनाकर शादी करने पर दुल्हन को मारने की दी धमकी, दुल्हन के कपड़ों में बैठी रह गई प्रीती, क्षेत्र में मामला बना चर्चा का विषय

रामपुर/टांडा/अमृत विचार। दहेज में तीन लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने से युवक पक्ष के लोगों ने फेरे लेने से इनकार कर दिया। जिसके बाद दुल्हन पक्ष के लोगों के होश उड़ गए। बरात वापस हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दूल्हे सहित तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दुल्हन के कपड़ों में प्रीती बैठी रह गई। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

टांडा थाना क्षेत्र के गांव बहादुर का मझरा निवासी बिजेंद्र का कहना है कि उसने अपनी बेटी प्रीती की शादी गांव बिचपुरी निवासी सोनू से तय की थी। जिसमें 12 फरवरी की रात को सोनू एक वैंकेट हाल में बरात लेकर पहुंचा। सभी बरातियों का स्वागत किया गया और खाना खिलाया। उसके बाद बरात चढ़त होने के बाद जयमाला का कार्यक्रम भी हो गया था। उसके बाद फेरों का समय आया तो दूल्हे सोनू के पिता श्यामलाल, बहनोई चमन सिंह ने कहा कि लगुन में पांच लाख रुपये तय हुए थे। लेकिन, दो लाख रुपये मिले। अब तीन लाख रुपये मिलने के बाद ही फेरे होंगे। मेहमानों के समझाने के बाद भी दूल्हे पक्ष के लोग तैयार नहीं हुए। बरात वापस हो गई। जिससे वधु पक्ष के लोगों की मेहमानों में काफी बदनामी हो गई। पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दूल्हे सहित तीन लोगों  पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। 

जमीन बेचकर की बेटी की शादी
प्रीती के पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि बेटी की शादी जमीन बेचकर की थी। जिसमें करीब 12 लाख रुपये का खर्चा किया था। उसके बाद भी दूल्हा दुल्हन को छोड़कर चला गया। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। दूल्हे ने शराब के नशे में सभी लोगों के साथ गाली-गलौज भी की थी। 

बुलेट बाइक और 3 लाख नहीं मिलने पर महिला को जलाकर मारने की धमकी
रामपुर। टांडा थाना क्षेत्र के गांव सेंटाखेड़ा का मझरा निवासी प्रियंका का कहना है कि वर्ष 2023 में उसकी शादी मडवा हसनपुर निवासी सुरेश से हुई थी। शादी के कुछ दिन के बाद ससुराल वालों ने उससे दहेज में बुलेट बाइक और 3 लाख की मांग कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वाले उसको आए दिन परेशान किया करते थे। इस दौरान मिट्टी का तेल डालकर जलाने की धमकी तक दे डाली। महिला ने इस बीच एक बच्चे को जन्म दिया। उसके बाद भी ससुराली नहीं सुधरे, महिला का आरोप है कि ससुरालियों ने बच्चा भी छीन लिया इसके बाद महिला मायके आ गई। जहां उसने सारा मामला बताया। बाद में उसने थाने में तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने महिला के पति सुरेश, ससुर मोहन एवं सास शकुंतला, जेठ नरेश, जेठानी सविता, देवर संजय, देवरानी आरती, देवर राजकुमार, देवरानी प्रियंका के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

ये भी पढ़ें : रामपुर : कड़ी सुरक्षा के बीच शुरु हुई सीबीएसई परीक्षा, सघन तलाशी के बाद मिला परीक्षार्थियों को प्रवेश

संबंधित समाचार