लखीमपुर खीरी: युवक ने चौथी मंजिल से लगाई छलांग, हालत गंभीर
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर की डीसी रोड स्थित कांशीराम आवास में एक युवक ने रविवार की सुबह संदिग्ध हालात में चौथी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से कॉलोनी में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे परिजन उसे लेकर आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने घायल को लखनऊ रेफर किया है। आसपास के लोगों का कहना है कि कॉलोनी की एक महिला और उसकी बेटी युवक पर झूठे आरोप लगाकर कार्रवाई करने की धमकी दे रही थी। इससे क्षुब्ध होकर युवक ने चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या की है। हालांकि उसके परिजन दबी जुबान पतंग उड़ाते समय नीचे गिरने की बात कह रहे हैं।
डीसी रोड स्थित कांशीराम आवास के लोगों ने बताया कि सुमित (20) पुत्र बलराम ब्लॉक 12 में अपने माता-पिता व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहता है। तीन दिन पहले कांशीराम आवास के एक ब्लॉक में अवैध रूप से रह रही एक महिला और उसकी पुत्री सुमित पर अभद्रता करने का झूठा आरोप लगाते हुए कार्रवाई की धमकी लगातार दे रही थी। कॉलोनी वासियों का कहना है कि मां-बेटी इससे पहले भी कॉलोनी के कई लोगों पर उल्टे-सीधे आरोप लगाकर झूठी शिकायत कर पुलिस से प्रताड़ित कराती रही है। महिला और उसकी बेटी के लगाए गए झूठे आरोपों से सुमित काफी परेशान था।
बताते हैं कि रविवार की सुबह वह चौथी मंजिल पर चढ़ गया और छत से कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की। उसके नीचे गिरते ही कॉलोनी में हड़कंप मच गया। आसपास के तमाम लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए। परिवार वाले आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे डॉक्टर ने लखनऊ रेफर किया है। युवक की हालत चिंताजनक बताई गई है। घटना के बाद से कॉलोनी के लोगों में काफी रोष है। जिला अस्पताल में मौजूद घायल युवक के पिता बलराम ने दबी जुबान बताया कि उसका बेटा चौथी मंजिल पर पतंग उड़ा रहा था। इससे अचानक वह गिरकर घायल हुआ है।
कांशीराम आवास में सिपाही समेत अवैध रूप से रहते हैं कई लोग
कांशीराम आवास में रहने वाले तमाम लोगों ने बताया कि आवासों में तमाम लोग ऐसे हैं, जो अवैध रूप से कब्जा कर आवासों में रह रहे हैं। कई आवास मालिकों ने अपने आवासों को मोटी रकम लेकर किराए पर दे रखे हैं। बताते हैं कि क्राइम ब्रांच में तैनात एक सिपाही भी कॉलोनी में अवैध तरीके से आवास पर कब्जा कर रह रहा है। लोगों ने कई बार डीएम और एसडीएम सदर को शिकायती पत्र देकर किरायेदारों का सत्यापन कराए जाने और अवैध तरीके से रह रहे लोगों को बेदखल कर पात्रों को आवास दिए जाने की मांग की, लेकिन अफसरों ने कोई ध्यान नहीं दिया।
देह व्यापार के भी चल रहे अड्डे
कांशीराम आवास के लोगों का कहना है कि अवैध रूप से रह रहे कुछ लोगों ने माहौल काफी खराब कर रखा है। यहां नशे का कारोबार भी धड़ल्ले से होता है। कुछ अवैध तरीके से रह रही महिलाएं देह व्यापार का भी धंधा अपने आवास पर कराती है। इससे रात में संदिग्धों की भी आवाजाही रहती है और उनका जमावड़ा लगा रहता है। शिकायत के बाद भी जेल गेट चौकी पुलिस कोई ध्यान नहीं देती है। ऐसा नहीं है कि पुलिस को इस बात की जानकारी नहीं है, लेकिन इसके बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती है।
युवक के चौथी मंजिल से कूदने की जानकारी पुलिस को नहीं है। न ही कोई तहरीर आई है। यदि कोई तहरीर आती है तो उसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी- अंबर सिंह शहर कोतवाल
कांशीराम आवासों में रह रहे लोगों का सत्यापन कराया जाएगा। यदि कोई अवैध तरीके से रहता मिला तो उसको बेदखल कर किराए आदि पर देने वाले आवास मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी- अश्वनी कुमार सिंह एसडीएम सदर
ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: दुधवा में दिखा दुर्लभ प्रजाति का एशियन किंग वल्चर, वन्यजीव प्रेमियों में खुशी की लहर
