इटावा में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बोले- दिल्ली में भगदड़ के लिए सरकार जिम्मेदार, रेलमंत्री दें इस्तीफा...

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

इटावा, अमृत विचार। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा है दिल्ली में शनिवार की रात को रेलवे स्टेशन पर जो भगदड़ हुई उसके लिए रेल विभाग जिम्मेदार है। इसलिए अपनी जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय रेल मंत्री को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। 

यहां युवा कांग्रेस के सम्मेलन में आए अजय राय ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार की रात को अचानक ट्रेन का प्लेटफार्म बदल गया, जिससे भगदड़ हुई। प्लेटफार्म बदले जाने के कारण इसकी पूरी जिम्मेदारी रेल विभाग की है, सरकार की है और जिम्मेदारी अपने ऊपर लेते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव को तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। 

उन्होंने कहा कि सरकार ने बहुत से लोगों को कुंभ में बुला लिया लेकिन व्यवस्था नहीं कर पाई, जिसके कारण इस तरह की दुर्घटनाएं हो रही है। यूपी सरकार ने कुभ में कोई व्यवस्था नहीं की है। अव्यवस्था से ही दुर्घटनाएं हो रही हैं। पिछले दिनों पेश किए गए केंद्र सरकार की बजट की संबंध में उन्होंने कहा कि बजट में आम आदमी के लिए कुछ भी नहीं है। यह बजट उद्योगपतियों को ध्यान में रखते हुए उद्योगपतियों के लिए ही बनाया गया है। 

इस बजट से उद्योगपतियों को ही फायदा होगा। दिल्ली के चुनाव के संबंध में उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने अकेले लड़ने का फैसला लिया, इससे कांग्रेस को लाभ हुआ और दिल्ली मे कांग्रेस का वोट प्रतिशत भी बढ़ गया है। उन्होने यह भी कहा  कि इटावा उत्तर प्रदेश का एक प्रमुख जिला है।  इसके बावजूद यहां विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ है। 

सड़कों की स्थिति अच्छी नहीं है। जगह-जगह जाम लगता है जिससे आवागमन में परेशानी होती है। यहां के विकास के लिए काफी काम किए जाने की गुंजाइश है। उन्होंने युवा कांग्रेस के प्रदेश सम्मेलन को संबोधित किया। पार्टी के नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मलखान सिंह यादव, शहर अध्यक्ष पल्लव दुबे, युवा नेता प्रशांत तिवारी आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- कानपुर में पुलिस ने दो शातिर चोरों को किया गिरफ्तार: कई देशों की विदेशी मुद्राएं बरामद, साल 2024 में हुई इस चोरी का भी हुआ खुलासा...

 

संबंधित समाचार