करोड़ों देकर मिल रही कुवैत और जार्डन में नौकरी! , ठगी का शिकार हुए मो. आमिर
अमौसी एयरपोर्ट पहुंचने पता चला वीजा और टिकट फर्जी
लखनऊ, अमृत विचार: खाड़ी देश कुवैत और जार्डन में नौकरी दिलाने के नाम पर उन्नाव व बिहार के सैकड़ों युवकों से ट्रैवल्स एजेंसी संचालक ने करोड़ों रुपये की ठगी की। इसका खुलासा अमौसी एयरपोर्ट पर पहुंचने पर हुआ। बोर्डिंग में चेकिंग कराते समय पता चला कि वीजा, पासपोर्ट और टिकट सब फर्जी है। उन्नाव के मो. आमिर ने अपने रिश्ते की मामी उसके दोस्त और दिल्ली की ट्रेवेल एजेंसी के खिलाफ सरोजनीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित आमिर के मुताबिक वह उन्नाव के सराय हजीरा के मो. कासिफ अली गांव का रहने वाला है। पड़ोस में ही रिश्ते की मामी रेशमा रहती है। दिसंबर 2024 में रेशम ने बताया कि रायबरेली का रहने वाला तारिक उसका मित्र है। वह उन्नाव में ही कासिमनगर में रहता है। उसकी ऊंची जान पहचान है। कुवैत और जार्डन में मोटी सेलरी पर नौकरी लगवा देता है। तमाम लोगों को वह भेज चुका है। तारिक से मुलाकात हुई तारिक ने वीजा, पासपोर्ट और एयर टिकट का खर्च मांगा। उसको पहले 70 हजार रुपये फिर 30 हजार रुपये दिए गए। जनवरी में 40 हजार रुपये आन लाइन ट्रांसफर किए गए। इसके अलावा पड़ोस में रहने वाले मित्र दिलावर अली ने भी नौकरी के नाम पर एक बार 70 हजार फिर 1.20 लाख रुपये दिए। इसके अलावा गांव के छोटू, अबरार और अन्य ने भी रुपये दिए। तारिक और मामी ने नई दिल्ली उत्तमनगर प्लाट नंबर एक जैन रोड द्वारिका मोड़ स्थित पैराडाइज ट्रेवेल एजेंसी से टिकट और वीजा दिया। वीजा और टिकट उसी ट्रेवेल एजेंसी से बनवाए गए थे।
एयरपोर्ट पहुंचे 50 से अधिक ठगी के शिकार युवक
आमिर ने बताया कि वह साथियों के साथ 11 फरवरी को चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा। वहां उसे बड़ी संख्या में और लोग भी मिले। वह लोग बिहार चम्पारण, मोतिहारी, देवरिया, प्रयागराज, फूलपुर, दिल्ली और कई अन्य जिलों के रहने वाले करीब 50 लोग थे। उनके पास भी उसी ट्रेवेल एजेंसी से टिकट और वीजा दिया गया था। उन्हें भी कुवैत और जार्डन जाना था। सभी बोर्डिंग में पहुंचे तो चेकिंग के दौरान कर्मचारियों ने बताया कि वीजा और एयर टिकट सब फर्जी है। मामी, तारिक और एजेंसी के नंबर पर फोन मिलाया वह सब स्विच आफ मिले। उन्नाव पहुंचा तो मामी और तारिक सभी फरार थे। घटना की जानकारी पुलिस और उच्चाधिकारियों को दी गई। सरोजनीनगर थाने में तहरीर दी। सरोजनीनगर इंस्पेक्टर राजदेव प्रजापति ने बताया कि तहरीर के आधार पर रेशम, तारिक और ट्रेवेल एजेंसी संचालक समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ेः UP Assembly Budget Session LIVE: यूपी विधानसभा का बजट सत्र आज से, हंगामे के आसार, विपक्ष ने बनाया यह प्लान
