लखीमपुर खीरी: पुलिस कार्यशैली से नाराज लोधी सेना ने एसपी कार्यालय पर किया प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: लोधी समाज सेवा नायक (लोधी सेना) के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मंगलवार को पहले डीएम से मिले और उन्हें ज्ञापन सौंपा। इसके बाद वे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठे लोगों का कहना था कि थाना ईसानगर क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर दी गई और उसे फंदे से लटका दिया गया। धौरहरा क्षेत्र में एसडीएम की मौजूदगी में एक झोपड़ी जला दी गई। पुलिस और प्रशासन दोनों मामलों में कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। एएसपी को ज्ञापन देकर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
लोधी समाज सेवा नायक (लोधी सेना) के राष्ट्रीय संयोजक प्रभात कुमार वर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारी व ग्रामीण मंगलवार को सबसे पहले डीएम कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए डीएम को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जिले में अराजक तत्वों का आतंक बढ़ता जा रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दबाव में रहने के कारण उचित कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं।
25 जनवरी को कोतवाली धौरहरा के गांव अमेठी में, अपनी ही जमीन पर एक दिव्यांग युवती झोपड़ी बना रही थी, लेकिन कुछ लोगों ने एसडीएम की मौजूदगी में उसकी झोपड़ी जला दी। थाना ईसानगर के गांव धुंधाकलां निवासी संजय लोधी ने प्रताड़ना का विरोध किया, तो उसकी हत्या कर शव को जंगल में टांग दिया गया। पुलिस दोनों मामलों में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पुलिस परामर्श केंद्र के निकट बने टिन शेड के नीचे धरने पर बैठ गए। एएसपी (पूर्वी) पवन गौतम ने प्रदर्शनकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल को बुलाकर बातचीत की और जांच कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस पर लोगों ने उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया। ज्ञापन में जिले की कानून व्यवस्था को मजबूत करने, अराजक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने, दोनों मामलों की जांच सीबीआई से कराने, आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराने की मांग की गई है। संतोषजनक कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी गई।
इस दौरान हरीराम वर्मा, बृजेश कुमार, अनिल, भारत, जयराम लोधी, सुमेर, तोताराम, अशोक कुमार लोधी, नीरज, जयराम, बांकेलाल आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- कासगंज: दबंगो की पिटाई से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत
