Kanpur Metro: बारादेवी से नौबस्ता तक स्टेशनों के प्रवेश द्वार तैयार, एलिवेटेड सेक्शन में तकनीकी कक्षों का निर्माण भी हुआ पूरा
कानपुर, अमृत विचार। मेट्रो के कॉरिडोर-1 के 5 किलोमीटर लंबे बारादेवी-नौबस्ता एलिवेटेड सेक्शन में सभी स्टेशनों के प्रवेश द्वार बनकर तैयार हो गये हैं। सेक्शन में बारादेवी, किदवई नगर, वसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता स्टेशन अपना अंतिम स्वरूप ले रहे हैं।
बारादेवी से नौबस्ता तक सभी स्टेशन बॉक्स तैयार हो जाने के बाद अब सड़क से स्टेशन तक पहुंचने के लिए द्वार, सीढ़ियां और रास्ते भी तैयार कर लिये गये हैं। सभी स्टेशनों में तकनीकी कक्षों का निर्माण भी पूरा हो गया है। मेट्रो अधिकारियों के अनुसार स्टेशनों के फ़्लोरिंग, फिनिशिंग और सिस्टम इंस्टॉलेशन का काम भी तेजी से पूरा हो रहा है।
बारादेवी-नौबस्ता एलिवेटेड सेक्शन के सभी स्टेशनों के प्लेटफॉर्म लेवल की ढलाई का कार्य पिछले साल सितम्बर में पूरा किया गया था। इसके बाद जनवरी में प्लेटफॉर्म की छतों के लिए प्री इंजीनियर्ड बिल्डिंग (पीईबी) स्ट्रक्चर के परिनिर्माण का कार्य पूरा किया गया। इन कार्यों के साथ ही स्टेशनों के कॉनकोर्स लेवल या प्रथम तल पर तकनीकी कक्षों के निर्माण का काम भी बढ़ रहा था, जिसे पूरा कर लिया गया है।
स्टेशनों पर चल रहे निर्माण कार्यों के अलावा दोनों लाइनों (‘अप-लाइन‘ और ‘डाउन-लाइन‘) पर ट्रैक निर्माण का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। बारादेवी से नौबस्ता तक रेल (पटरियों) के वेल्डिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है और अब इनके नीचे कंक्रीट स्लैब के ढलाई की प्रक्रिया चल रही है। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने निर्माण कार्य में जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।
ये भी पढ़ें- कानपुर में नाबालिग छात्र का लटका मिला शव: परिजन बोले- हत्या कर फांसी का दिया गया रूप, इन्होंने दर्ज कराई थी FIR
