संभल: चोरी रोकने गई बिजली विभाग की टीम को बनाया बंधक, भागकर बचाई जान

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

संभल, अमृत विचार। बिजली विभाग ने शहर के मोहल्ला तुर्तीपुर इल्हा में बिजली चोरी रोकने के लिए चेकिंग के दौरान अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग का मामला पकड़ा तो लोगों ने विरोध कर दिया। भीड़ ने टीम के वाहन का घेराव करते हुए बंधक बना लिया और गाली गलौज की। किसी तरह टीम ने भागकर जान बचाई। इस मामले में अवर अभियंता ने तीन भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

बिजली विभाग के एसडीओ तृतीय कृष्ण गोपाल, जेई चौधरी सराय उपकेंद्र दीपक कुमार और जेई हयातनगर सतीश आदि टीम के साथ बिजली चोरी रोकने के लिए मोहल्ला तुर्तीपुर इल्हा में सोमवार को देर रात चेकिंग कर रहे थे। अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग की सूचना मिलने पर टीम फैज एकेडमी के पास गली में पहुंची तो जांच करने पर पाया कि पसिर में 2 किलोवाट वाणिज्य संयोजन महमूद अली के नाम से स्वीकृत है जबकि मीटर में 13 किलोवाट डिमांड प्रदर्शित हो रही है। मौके पर ई रिक्शा चार्ज होता मिला। आरोप है कि जांच के दौरान मोहम्मद आरिफ बेटे महमूद अली, दाउद और सैफ अली आ गए। भीड़ को इकट्ठा करके टीम के वाहन का घेराव कर लिया। विरोध करते हुए गाली गलौज की और टीम के वाहन को बंधक बना लिया। सरकारी कार्य में बाधा डाली गई और झगड़े पर अमादा हो गए। टीम ने किसी तरह वहां से भागकर जान बचाई। इस मामले में जेई दीपक कुमार ने नखासा थाने में तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

20 स्थानों पर पकड़ी बिजली चोरी, 1.10 करोड़ का जुर्माना
एसडीओ तृतीय कृष्ण गोपाल के नेतृत्व में सोमवार को देर रात टीम ने तुर्तीपुर इल्हा, हयातनगर और नखासा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। एसडीओ तृतीय ने बताया कि 20 स्थानों पर अतिरिक्त केबल डालकर या सीधे बिजली चोरी पकड़ी गई है। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये का जुर्माना बनेगा। उन्होंने कहा कि 5 हजार रुपये से ज्यादा के बकायेदार उपभोक्ताओं पर कार्रवाई होगी क्योंकि उपभोक्ताओं ने ओटीएस के अंतिम चरण में भी लाभ नहीं लिया है। लगातार 5 हजार से ज्यादा के बकायेदारों के प्रभावी तरीके से कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान 18 फरवरी से 25 फरवरी तक चलेगा। उन्होंने कहा कि लोग वैध कनेक्शनों का उपयोग करें। बिजली चोरी न की जाए।

ये भी पढ़ें - Sambhal News : संभल में रोडवेज बस ने परिवार के 3 लोगों को रौंदा, दंपति की मौत...बेटी घायल 

संबंधित समाचार