Barabanki News : सामूहिक विवाह के बाद फिर रचाई शादी, विवाहिता को भगाया
Barabanki, Amrit Vichar: सीएम सामूहिक विवाह योजना में विवाह हुआ, उपहार आदि पाकर विवाहिता ससुराल गई पर ससुराल वालों में दहेज की भूख जाग गई। एक बार फिर बारात आई दान दहेज दिया फिर भी विवाहिता को भगा दिया गया, विवश होकर वह मासूम बच्चे के साथ मायके चली आई। उसकी तहरीर पर पुलिस ने ससुराल वालों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
टिकैतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बराइन की रहने वाली पूजा का विवाह मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 25 जनवरी 2023 को रोहित निवासी पारा मांझा थाना जरवल जनपद बहराइच से हुआ था। शादी के बाद से ही उसका ससुराल उसकी खुशियों को निगलने पर आमादा हो गया। सामूहिक विवाह में मिले दान-दहेज से असंतुष्ट ससुरालवालों ने दोबारा दहेज की मांग शुरू कर दी और फिर शादी करने का दबाव डाला। गरीब माता-पिता ने अपनी बेटी के लिए फिर से बारात बुलाकर शादी कराई और उनकी मांग के अनुसार फर्नीचर, साइकिल, पंखा और अन्य सामान भी दिया लेकिन यह लालच का अंत नहीं था, पति रोहित, सास सुंदरी और अन्य ससुरालजन बाइक, सोने की चेन, अंगूठी और 50 हजार रुपये नगद की नई मांग करने लगे।
शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना झेल रही पूजा के साथ हालात बदतर हो गए कि उसको मारपीट कर घर से निकाल दिया गया और उसकी सारी कीमती ज्वेलरी छीन ली गई। पति रोहित रिश्तेदार गुड्डू के साथ पूजा के मायके आ धमका। पूजा और उसकी मां रिन्जू को बेरहमी से लात-घूंसों और लाठियों से पीटा गया और घर में तोड़फोड़ की गई। उनकी चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी राहुल और अन्य लोग मौके पर पहुंचे, तब जाकर ससुराली भागे। पूजा ने पहले भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद रिश्तेदारों के दबाव में पति उसे अपने साथ ले गया लेकिन कुछ ही हफ्तों में उसने फिर से उसे मायके छोड़ दिया। अब पूजा अपनी नवजात बेटी के साथ इंसाफ की गुहार लगा रही है।
यह भी पढ़ें- Barabanki News : विदेश भेजने का झांसा देकर ऐंठे साढ़े पांच लाख रुपये,अदालत के आदेश पर दर्ज की गई रिपोर्ट
