Noida Encounter: पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद तीन गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नोएडा। थाना बिसरख पुलिस ने घरों में चोरी और लूटपाट करने के आरोप में तीन व्यक्तियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक आरोपी पुलिस की गोली पैर में लगने से घायल हो गया। पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि थाना बिसरख पुलिस बीती रात को सोफिया नर्सरी के सामने चेकिंग कर रही थी, तभी एक ऑटो रिक्शा में कुछ लोग आते हुए दिखाई दिए।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने रुकने का इशारा किया लेकिन ऑटो रिक्शा चालक वाहन की गति तेज कर वहां से भागने लगा। अवस्थी ने बताया कि पीछा कर पुलिस ने उन्हें घेरा लेकिन तब आटो में सवार बदमाशों ने गोलीबारी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सुरेंद्र (30 वर्ष), पुत्र राजपाल पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि इस बीच दो आरोपी भाग निकले लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

उनकी पहचान रोहित (22 वर्ष), पुत्र राघवेंद्र सिंह तथा अजय (28 वर्ष) पुत्र राकेश सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि सुरेंद्र जिला बुलंदशहर के खुर्जा नगर की देवी धाम कॉलोनी का रहने वाला है तथा उसके खिलाफ बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर, मेरठ में चोरी एवं लूट के कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि घायल सुरेंद्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रोहित कन्नौज जिले में और अजय मैनपुरी जिले में रहता है। अवस्थी ने बताया कि आरोपियों के पास से पुलिस ने एक देसी तमंचा, कारतूस 10 हजार रुपए नगद, घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा, सोने की अंगूठी, चांदी की एक करधनी, एक बैटरी इनवर्टर, एलइडी टीवी आदि बरामद किया है। उनके अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे लोग बंद घरों की टोह लेकर रात को चोरी करते हैं। आरोपी चोरी का सामान बेचने के लिए जा रहे थे, तभी पुलिस से उनकी मुठभेड़ हो गई।

यह भी पढ़ें:-UP Assembly Budget Session: विपक्ष पर योगी का प्रहार, कहा- महाकुंभ को भव्यता से करना अपराध है तो यह अपराध बार बार करेंगे

संबंधित समाचार