बरेली: बेपटरी कार्ययोजना, सड़क के गड्ढों से चौपुला पर जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। कोरोना काल में शहर के सबसे व्यस्त चौपुला चौराहे पर ओवरब्रिज निर्माण कार्यों से उड़ रही धूल से राहगीर पहले से ही परेशान हैं। ऊपर से बेपटरी हो चुकी ट्रैफिक व्यवस्था ने उन्हें और परेशान कर दिया है। यहां हर दिन आधे से एक घंटे तक लंबा जाम लग रहा है। जाम लगने …

बरेली,अमृत विचार। कोरोना काल में शहर के सबसे व्यस्त चौपुला चौराहे पर ओवरब्रिज निर्माण कार्यों से उड़ रही धूल से राहगीर पहले से ही परेशान हैं। ऊपर से बेपटरी हो चुकी ट्रैफिक व्यवस्था ने उन्हें और परेशान कर दिया है। यहां हर दिन आधे से एक घंटे तक लंबा जाम लग रहा है। जाम लगने की मुख्य वजह यातायात को लेकर पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सटीक कार्ययोजना न बनाना है। अधिकारियों को यह मालूम है कि चौराहे पर ओवरब्रिज के पिलर बन रहे हैं। सड़क पर निर्माण सामग्री फैली हुई है। इससे सड़क संकरी हो गयी है।

इसके बावजूद संकरी सड़क पर ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिये प्रयास नहीं किये गये। सिटी सब्जी मंडी और बदायूं रोड से आने वाले लोग जब ओवरब्रिज से उतरकर चौपुला चौराहे की तरफ आते हैं, तो दोनों तरफ वाहनों की कतार लग जाती है। इससे जाम लग जाता है। जाम लगने की दूसरी वजह गड्ढे हैं। पुरानी पुलिस लाइन गेट के सामने निर्माणाधीन पुल के पास संकरी सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। सड़क पर गंदा पानी बह रहा है। दिनभर में कई दोपहिया वाहन गड्ढों में गिरते हैं। यहां से कछुआ गति से टेंपो व अन्य वाहन गुजरते हैं। इससे भी जाम लगता है। शनिवार को एक घंटे से अधिक समय चौपुला चौराहे पर जाम लगा रहा। राहगीरों के वाहनों की लंबी कतार लग गयी। जाम की स्थिति को सामान्य कराने के लिये चौपुला पर तैनात यातायात पुलिस कर्मी और होमगार्डों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। इधर, पंजाबी मार्केट में भी दिन में ज्यादा भीड़ रही। सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों से लगे जाम में काफी देर तक एंबुलेंस फंसी रही।

रेलवे कालोनी की संकरी सड़क पर वाहनों के दबाव में लगे जाम में फंसी एंबुलेंस।
चौपुला चौराहे से सिटी सब्जी मंडी चौराहे की ओर जाने के लिये प्रतिबंध लगा है। ऐसे में जिन लोगों को बदायूं रोड और किला रोड की तरफ जाना है। उन्हें चौपुला चौराहे से बदायूं रोड वाले ओवरब्रिज के नीचे से रेलवे कालोनी की सड़क से गुजारा जा रहा है। यह सड़क भी संकरी है। यह सड़क सिटी सब्जी मंडी चौराहे के पास जाकर खत्म होती है। यहां सड़क पर विद्युत पोल है। इसलिये एक ही कार निकल सकती है। ऐसे में ज्यादा वाहनों के आने से भी यहां जाम लग जाता है। शनिवार को ऐसा ही हुआ। वाहनों का दबाव ज्यादा होने से सड़क जाम हो गयी। काफी देर तक एंबुलेंस जाम में फंसी रही। वैसे, इस सड़क से वाहनों को गुजारने के लिये सेतु निगम की ओर से सड़क के दोनों ओर बल्लियां लगायी हैं। उसमें फाइबर सीट लगायी है ताकि दुर्घटना न हो सके लेकिन संकरी सड़क पर दिनभर वाहनों का दबाव रहता है।

संबंधित समाचार