Unnao: बेटे का इलाज कराने आई महिला से तांत्रिक ने किया दुष्कर्म, गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
उन्नाव, अमृत विचार। एक ढोंगी तांत्रिक ने बच्चे का इलाज कराने आए पति को प्रसाद लेने भेज दिया और उसकी पत्नी से जबरन दुष्कर्म किया। प्रसाद लेकर आने पर पत्नी ने उसे घटना की जानकारी दी। पति की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तांत्रिक को गिरफ्तार कर उसे कोर्ट में पेश किया है।
बेहटा मुजावर थानाक्षेत्र के गांव रूरी सादिकपुर के मजरा दीनाखेड़ा निवासी विजय उर्फ खुशहाल पुत्र कन्हई झाड़फूंक के साथ इलाज भी करता है। बीती बुधवार शाम कोतवाली बांगरमऊ क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला अपने पति के साथ बीमार बच्चे की झाड़फूंक कराने कथित तांत्रिक विजय कुमार के घर आई थी।
तांत्रिक ने महिला के पति को प्रसाद लेने भेज दिया और पति के जाने पर महिला को अकेली पाकर तांत्रिक ने कमरे में उससे दुष्कर्म किया। वापस आने पर पीड़िता ने पूरी बात अपने पति को बताई। पति की तहरीर पर बेहटा पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर तांत्रिक को उसके गांव से दबोच लिया और उसके विरुद्ध कार्रवाई कर कोर्ट में पेश किया। सीओ अरविंद कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
