Kanpur: बजट में उद्योग और व्यापार जगत के लिए सराहनीय घोषणाएं, टेक्सटाइल गारमेंट नीति से शहर को ऑक्सीजन
विशेष संवाददाता, कानपुर। पीआईए के प्रदेश अध्यक्ष मनोज बंका का कहना है कि प्रदेश सरकार के बजट में एक लाख नए सूक्ष्म उद्योगों की स्थापना, टेक्सटाइल गारमेंट नीति, टेक्सटाइल पार्क, युवा उद्यमी विकास अभियान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिटी जैसी योजनाएं उद्योग और व्यापार क्षेत्र के लिए लाभकारी साबित होंगी।
उद्यमी अतुल सेठ ने कहा कि व्यापारियों को स्वास्थ्य बीमा, बाजारों में सीसीटीवी कैमरा योजना, ई-कॉमर्स पॉलिसी और रिटेल ट्रेड पॉलिसी की उम्मीद थी, जिनका बजट में कोई उल्लेख नहीं किया गया। एमएसएमई सेक्टर पर भी ध्यान नहीं दिया गया। माइक्रो सेग्मेंट को स्माल सेग्मेंट में कन्वर्ट करने पर सरकार को ध्यान देने की जरूरत है। एक्सप्रेसवे, पुलों, सड़कों के रखरखाव और रोडवेज परिवहन को बढ़ावा देने से व्यापार और उद्योग क्षेत्र को अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा।
आईआईए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील वैश्य सेमी कंडक्टर पॉलिसी को बड़ी उपलब्धि मानते हुए कहते हैं कि इसकी बजट में शुरुआत हो चुकी है। सेमीकंडक्टर उद्योग जबरदस्त आर्थिक अवसर प्रदान करते हैं। शिक्षाविद राजीव महाना कहते हैं कि छात्राओं को फ्री स्कूटी मिलेगी, नौ लाख आउट सोर्स कर्मियों की सेलरी बढ़ाने के अलावा 92 हजार नई नौकरी बजट के विकासोन्मुखी होने का दस्तावेज प्रमाणित करता है।
भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र एनजीओ प्रकोष्ठ की संयोजक मनीषा वाजपेयी कहती हैं कि निराश्रित महिला पेंशन योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को देय पेंशन के भुगतान हेतु 2,980 करोड़ रुपये की व्यवस्था का प्रस्ताव स्वागत योग्य है। कानपुर में मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास का निर्माण स्वागत योग्य है।
