शाहजहांपुर: प्रधान पद के चार और एक क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के उपचुनाव का परिणाम घोषित
पुवायां, सिंधौली, जलालाबाद, मिर्जापुर क्षेत्र में हुआ था प्रधान पद का उपचुनाव
शाहजहांपुर, अमृत विचार। ग्राम पंचायत के चार रिक्त प्रधान पद के लिए और एक क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए हुए उपचुनाव के मतों की शुक्रवार को गिनती पूरी होने के बाद परिणामों की घोषणा कर दी गई। रिटर्निंग अफसरों ने विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र सौंपे।
पुवायां ब्लाक के ग्राम पंचायत हरना जप्ती नगला में प्रधान पद के उप चुनाव में विजय वर्मा और दलवीर कुमार के बीच मुख्य मुकाबला था। शुक्रवार को मतो की गिनती शुरू हुई, जिसमें विजय वर्मा को 508 और प्रतिद्वंद्धी दलवीर कुमार को 353 मत मिले। इस प्रकार विजय वर्मा ने 155 अधिक मत पाकर विजय प्राप्त की। जलालाबाद ब्लाक की ग्राम पंचायत मऊ रसूलपुर में प्रधान पद के उपचुनाव में अकील अहमद को 291 मत प्राप्त हुए और प्रतिद्वंद्धी शांताराम को 253 मत प्राप्त हुए। इस तरह अकील अहमद ने 38 मतों से विजय हासिल की। मिर्जापुर ब्लाक की ग्राम पंचायत मझारा बढऊ में प्रधान पद के उपचुनाव में गोविंद दीक्षित को 739 मत प्राप्त हुए और प्रतिद्वंतद्धी रामबहादुर को 545 मत मिले। इस तरह गोविंद दीक्षित ने 194 मतों से विजय हासिल की। सिंधौली ब्लाक की ग्राम पंचायत महाऊ दुर्ग में प्रधान पद के लिए हुए उपचुनाव में अनिल कुमार वर्मा को 538 मत प्राप्त हुए जबकि प्रतिद्वंद्धी सन्नी देओल को 515 मत मिले। इस तरह अनिल कुमार वर्मा ने 23 मतों से विजय हासिल की। बंडा ब्लाक के गांव हेतमनगला में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए हुए उपचुनाव में रामवती को 393 मत प्राप्त हुए जबकि उनकी प्रतिद्वंद्धी फूलमती 382 मत मिले। इस तरह रामवती ने 11 मतो से विजय हासिल की।
विजय ने 155 वोट से दलवीर को पटका
पुवायां। ब्लाक सभागार में ग्रामसभा उपचुनाव की मतगणना में विजय ने दलवीर को हराकर विजय हासिल की। जिसके बाद उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। बुधवार को पुवायां क्षेत्र के गांव हरना ज. नगला में प्रधान पद का उपचुनाव हुआ था। जिसके लिए ब्लाक सभागार में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हुई। चुनाव अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि प्रत्याशी विजय वर्मा ने अपने प्रतिद्वंद्वी दलवीर को 155 मतों से पराजित किया। मतगणना में दलवीर को 353 मत मिले जबकि विजय वर्मा ने 508 मत प्राप्त किए। आरओ अनिल रावत ने उन्हें प्रमाण पत्र सौंपते हुए उन्हें विजेता घोषित किया। उनकी जीत के बाद उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने ब्लाक के गेट पर ही उनका माल्यार्पण कर उन्हें कंधे पर उठा लिया। जिसके बाद उनका काफिला गांव के लिए रवाना हो गया।
किसको कितने मिले वोट
हरना ज. नगला के उपचुनाव में दो मतदान केंद्र व तीन बूथ बनाए गए थे। जहां 985 मतदाताओं ने वोट डाले थे। मतगणना में 16 वोट निरस्त किए गए। जबकि बूथ संख्या 97, 98 व 99 पर प्रत्याशी जितेंद्र को क्रमशः 87, 16 व 5, दलवीर को 97, 173 व 83 तथा विजेता घोषित हुए विजय वर्मा को क्रमशः 196, 156, 156 वोट मिले।
पूर्व प्रधान के बेटे अनिल ने 23 मतों से दर्ज की जीत
सिंधौली। ग्राम पंचायत महाऊ दुर्ग में प्रधान पद के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना शुक्रवार को विकासखण्ड कार्यालय पर शांतिपूर्ण संपन्न हो गयी। अनिल वर्मा अपने प्रतिद्वंद्धी सन्नी देओल को 23 मतों से पराजित कर प्रधान बन गए। विगत माह सितम्बर में महाऊ दुर्ग के प्रधान राजाराम वर्मा का बीमारी के चलते निधन हो गया था। रिक्त हुए पद के लिए 19 फ़रवरी को मतदान हुआ। पूर्व प्रधान के पुत्र अनिल वर्मा तथा सन्नी देवल के मध्य चुनाव हुआ। कुल पड़े 1083 मतों में अनिल वर्मा को 538 तथा सन्नी देवल को 515 मत मिले। जबकि 30 मत निरस्त हुए। 23 मतों से अनिल वर्मा विजयी हुए। रिटर्निंग अधिकारी कृष्ण देव यादव ने विजयी प्रत्याशी को प्रमाणपत्र प्रदान किया।
ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: सड़क दुर्घटनाओं में स्पेयर्स पार्ट्स विक्रेता समेत दो की मौत
